Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक्टिवा चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक्टिवा वाहन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी थाना तेलीबांधा क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
नेचूरल आईक्रीम दुकान के पास से चोरी हुई थी एक्टिवा
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी चंद्रकिशोर अग्रहरि ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 सितंबर 2026 को नेचूरल आईक्रीम दुकान के पास खड़ी उसकी एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 04 LN 4699 चोरी हो गई। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 497/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर से मिली जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर चोरी की गई एक्टिवा और आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पूछताछ में चोरी करना कबूला
जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने ईकबाल खान उर्फ मोनू को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने एक्टिवा चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक्टिवा वाहन बरामद कर ली। बरामद वाहन की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ईकबाल खान थाना तेलीबांधा का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में आर्म्स एक्ट के चार मामले दर्ज हैं। इसके अलावा मारपीट, बलवा सहित प्रतिबंधात्मक धाराओं के करीब 10 प्रकरण भी पहले से दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में भी इन मामलों में जेल जा चुका है।
आरोपी को भेजा गया न्यायिक प्रक्रिया में
गिरफ्तार आरोपी ईकबाल खान उर्फ मोनू पिता स्वर्गीय नजीर खान (25 वर्ष), निवासी मौलीमाता मंदिर के पास मौलीपारा, थाना तेलीबांधा रायपुर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
Tags: