Gaurela-Pendra-Marwahi. गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में लैम्प्स का प्रभारी प्रबंधक बनाने के नाम पर एक लाख रुपये लेने का गंभीर आरोप सामने आया है। देवरीकला लैम्प्स में विक्रेता के पद पर कार्यरत सुरेश राम ने सहायक पंजीयक राधेश्याम नायक पर रकम लेने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि छह महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद उन्हें प्रभारी प्रबंधक की जिम्मेदारी नहीं मिली। अधिकारी का तबादला कोरिया होने के बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर उन्हें अपमानित कर घर से बाहर निकाल दिया गया।
सुरेश राम के मुताबिक, वह पहले देवरीकला लैम्प्स में विक्रेता के पद पर पदस्थ थे। इसके बाद उनका स्थानांतरण भर्रीडांड़ समिति में किया गया था, जहां उन्होंने धान खरीदी का कार्य संभाला। उनका दावा है कि उनके कार्यकाल के दौरान धान खरीदी में शून्य प्रतिशत कमी या नुकसान दर्ज किया गया था। इसके बाद सुरेश राम को दोबारा देवरीकला लैम्प्स भेज दिया गया। यहां प्रबंधन के साथ तालमेल नहीं बैठने के कारण उन्होंने कुछ समय तक कार्यालय जाना भी बंद कर दिया था। इसी दौरान सहायक पंजीयक राधेश्याम नायक ने उन्हें भर्रीडांड़ लैम्प्स का प्रभारी प्रबंधक बनाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इस जिम्मेदारी के लिए खर्चा-पानी के नाम पर उनसे एक लाख रुपये की मांग की गई थी।
सुरेश राम का कहना है कि इतनी बड़ी रकम जुटाने के लिए उन्हें दूसरे लोगों से उधार लेना पड़ा। उन्होंने नवागांव लैम्प्स के प्रबंधक से 50 हजार रुपये उधार लिए। इसके अलावा जिला नोडल एवं बैंक प्रबंधक विनय साहू से 30 हजार रुपये नकद लिए और अपनी बचत के 20 हजार रुपये मिलाकर कुल एक लाख रुपये जुटाए। उनका दावा है कि यह पूरी रकम उन्होंने सहायक पंजीयक राधेश्याम नायक को उनके कार्यालय के कक्ष में अकेले में दी थी। रकम देने के बाद उन्हें लगातार प्रभारी प्रबंधक बनाए जाने का आश्वासन मिलता रहा। हालांकि, छह महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद संबंधित आदेश जारी नहीं हुआ।
इस बीच 26 नवंबर को खोडरी धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्था के मामले के बाद सहायक पंजीयक राधेश्याम नायक का स्थानांतरण कोरिया कर दिया गया। अधिकारी के तबादले की जानकारी मिलने पर सुरेश राम ने अपनी रकम वापस मांगने का फैसला किया। सुरेश राम के अनुसार, वह पैसे वापस लेने के लिए अधिकारी के घर पहुंचे थे। आरोप है कि अधिकारी ने रकम लौटाने से इनकार करते हुए उनसे पैसे देने का सबूत मांगा। इसके साथ ही उन्हें कथित तौर पर अपमानित कर घर से बाहर निकाल दिया गया। सुरेश राम का दावा है कि रकम वापस मांगने के दौरान अधिकारी के साथ हुई बातचीत का वीडियो भी उन्होंने रिकॉर्ड किया है। अब उन्होंने पूरे मामले को लेकर पेण्ड्रा थाने में लिखित शिकायत देने की बात कही है। फिलहाल मामले में सहायक पंजीयक राधेश्याम नायक का पक्ष उपलब्ध नहीं है। वहीं, पुलिस में शिकायत दर्ज होने और किसी प्रकार की आधिकारिक जांच शुरू होने की पुष्टि भी नहीं हुई है। सुरेश राम द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Tags: