छत्तीसगढ़

वन विभाग की कार्रवाई साल लकड़ी से लदा पिकअप वाहन जब्त

Shantanu Roy
21 Sept 2026 2:13 PM IST
वन विभाग की कार्रवाई साल लकड़ी से लदा पिकअप वाहन जब्त
x
छग
Ramanujganj. रामानुजगंज। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में वन विभाग ने अवैध साल लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। त्रिकुंडा क्षेत्र के पलगी जंगल में वन अमले ने साल के लट्ठों से लदे एक महिंद्रा पिकअप वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन में मौजूद आरोपी घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वन विभाग के अनुसार, जब्त वाहन से साल प्रजाति के पांच लट्ठे बरामद किए गए हैं। लकड़ी की कुल मात्रा 2.299 घन मीटर बताई गई है। बरामद लकड़ी की अनुमानित कीमत 1 लाख 71 हजार 448 रुपए आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
वन विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि त्रिकुंडा क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 794 स्थित जंगल में अवैध रूप से काटी गई साल लकड़ी को तस्करी के लिए वाहन में लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और मौके के लिए रवाना हुई। जंगल पहुंचकर वन अमले ने घेराबंदी की। टीम को देखकर लकड़ी तस्कर सतर्क हो गए और घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। हालांकि वन विभाग ने मौके से लकड़ी से भरा वाहन जब्त कर लिया।
पिकअप वाहन में मिले साल के पांच लट्ठे
वन विभाग की जांच में मौके से महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 सीटी-3581 बरामद हुआ। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें साल प्रजाति के पांच बड़े लट्ठे मिले। अधिकारियों के मुताबिक, वाहन और अवैध लकड़ी को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटा हुआ है।
खीरा लोड करने का दिया गया था झांसा
जांच में सामने आया कि वाहन मालिक को खीरा लोड करने के बहाने जंगल क्षेत्र में बुलाया गया था। वाहन के जंगल के अंदर पहुंचने के बाद खीरे की जगह उसमें अवैध रूप से काटी गई साल लकड़ी लोड की जा रही थी। इसी दौरान वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम को देखकर आरोपी लकड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।
वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वन विभाग ने मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 33 (1) (क) के तहत कार्रवाई की है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम, 1969 की धारा 5(1) और छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम, 2001 की धारा 22 (1) के तहत भी प्रकरण दर्ज किया गया है। वन विभाग का कहना है कि अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Next Story