छत्तीसगढ़
रायगढ़ में गौवंश तस्करी का खुलासा, 17.50 लाख के माल समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
21 Sept 2026 2:37 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में गौवंशों की अवैध तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतरारोड़ थाना पुलिस ने तीन पिकअप वाहनों में गौवंशों की तस्करी कर रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया और तीन वाहनों सहित कुल 17.50 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस की नाकेबंदी तोड़ने के लिए पुलिसकर्मियों की ओर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और शासकीय वाहन को भी टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों वाहनों को पकड़ लिया।
मुखबिर सूचना पर की गई घेराबंदी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन सफेद रंग के पिकअप वाहनों में गौवंशों को भरकर ग्राम सरवानी होते हुए झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी अजय नागवंशी और कोतरारोड़ थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम सरवानी-कुलबा मेन रोड पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने का प्रयास
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे तीन संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक JH-05-CR-0840, JH-01-GC-5199 और OD-17-G-9320 वहां पहुंचे। पुलिस टीम ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन चालकों ने रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों की ओर वाहन दौड़ा दिए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोपियों ने पुलिस के शासकीय वाहन क्रमांक CG-03-A-0705 को भी टक्कर मार दी। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों वाहनों को पकड़ लिया।
वाहनों से मिले 6 गौवंश
पुलिस जांच में पहले पिकअप वाहन से 2 गौवंश बरामद हुए। इस वाहन में सवार नकुल साहू और शिवा कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया। दूसरे पिकअप वाहन से 1 गौवंश मिला। इसमें सवार आदित्य महतो और रूपेश लहरे को पकड़ा गया। तीसरे वाहन से 2 गौवंश बरामद हुए। इसमें राम महतो और राजू सतनामी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गौवंशों को गुमला झारखंड ले जा रहे थे। मामले में एक अन्य आरोपी ललित निवासी सरवानी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
17.50 लाख रुपए का माल जब्त
पुलिस ने कार्रवाई में कुल 6 गौवंश बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा तीनों पिकअप वाहनों की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 17.50 लाख रुपए का माल जब्त किया है। मुक्त कराए गए गौवंशों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस टीम पर हमला करने और शासकीय वाहन को नुकसान पहुंचाने के मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में धारा 281, 221, 132, 109(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत भी अपराध दर्ज किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंशों की अवैध तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी: राम महतो, आदित्य महतो, नकुल साहू, रूपेश लहरे, शिवा कुमार साहू और राजू सतनामी।
Next Story





