Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रानीसागर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब पीने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक बेटे ने अपने 65 वर्षीय पिता की टंगिया से वार कर कथित तौर पर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई, जब मृतक अपनी पत्नी के साथ बेटे की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे राजकुमार गिरी (36 वर्ष) को हिरासत में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही खरसिया एसडीओपी सतीश भार्गव, फॉरेंसिक टीम और थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव अपने स्टाफ के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात से संबंधित आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। मृतक की पत्नी शैलेन्द्र गिरी (62 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि 24 नवंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका बेटा राजकुमार गिरी शराब के नशे में घर पहुंचा। इस पर उसके पिता धरम उर्फ श्रवण गिरी ने उसे समझाइश दी। उन्होंने बेटे से कहा कि आज पूजा-पाठ का दिन है और घर चलाने के लिए पैसे नहीं होने की बात कहने के बावजूद वह रोज शराब पीकर घर आता है।
पिता की समझाइश से राजकुमार कथित तौर पर आक्रोशित हो गया और उनके साथ मारपीट करने लगा। बेटे के इस व्यवहार से परेशान होकर धरम गिरी ने अपनी पत्नी के साथ सरपंच के घर जाकर घटना की शिकायत करने का निर्णय लिया। रात करीब नौ बजे दोनों सरपंच के घर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी राजकुमार टंगिया लेकर उनके पीछे पहुंच गया। सरपंच के घर के गेट के पास उसने अपने माता-पिता को रोक लिया। शिकायत करने जाने की बात से नाराज राजकुमार ने अपने पिता के सिर पर टंगिया से वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होकर धरम गिरी जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपी ने उनके सिर और पीठ पर टंगिया से वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के संबंध में पुलिस ने मर्ग कायम किया है। खरसिया थाने में आरोपी राजकुमार गिरी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 604/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। फरार होने की फिराक में लगे राजकुमार गिरी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को शीघ्र न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पारिवारिक विवाद और नशे की लत किस तरह गंभीर अपराध का रूप ले सकती है, यह घटना उसका दुखद उदाहरण है। शराब के नशे में आपा खोकर अपने ही पिता की हत्या करना अत्यंत गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है। एसएसपी ने आम नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा पारिवारिक विवादों को समझदारी और आपसी संवाद के माध्यम से सुलझाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद की स्थिति में हिंसा का रास्ता अपनाने के बजाय कानून का सहारा लेना चाहिए। रायगढ़ पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है और आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल खरसिया पुलिस संकलित साक्ष्यों और मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर आगे की जांच कर रही है। शराब पीने को लेकर शुरू हुए पारिवारिक विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली, जबकि उसका बेटा अब हत्या के आरोप में पुलिस हिरासत में है।