रिटायर्ड IAS महादेव कांवड़े बन सकते हैं PSC के नए अध्यक्ष, राजभवन से अनुमोदन का इंतजार
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को जल्द ही नया अध्यक्ष मिल सकता है। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवड़े का आयोग का नया अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार ने उनके नाम पर सहमति जताते हुए नियुक्ति से संबंधित फाइल अनुमोदन के लिए राजभवन भेज दी है। हालांकि, करीब पखवाड़े भर से फाइल राजभवन में लंबित बताई जा रही है। राजभवन से अनुमोदन मिलने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा नियुक्ति आदेश जारी किया जा सकेगा।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद के लिए राज्य सरकार के पास दो नाम विचाराधीन थे। इनमें सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवड़े और सरगुजा के संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गे का नाम शामिल था। विचार-विमर्श के बाद सरकार ने महादेव कांवड़े के नाम को प्राथमिकता देते हुए नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। महादेव कांवड़े की नियुक्ति होने पर उनका कार्यकाल करीब डेढ़ साल का हो सकता है। लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष की अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष है। कांवड़े की उम्र वर्तमान में करीब 60 वर्ष छह महीने है। ऐसे में जल्द नियुक्ति आदेश जारी होने की स्थिति में वे मई 2028 तक आयोग के अध्यक्ष पद पर रह सकते हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग ने नियुक्ति से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद फाइल राजभवन भेज दी थी। विभागीय अधिकारियों को अब राजभवन से अनुमोदन मिलने का इंतजार है। हालांकि, नियुक्ति को लेकर अभी तक आधिकारिक आदेश जारी होने की जानकारी सामने नहीं आई है। इधर, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े लंबित मामलों को लेकर कर्मचारी संगठनों ने चिंता जताई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के अध्यक्ष कमल वर्मा ने इससे पहले मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आयोग में अध्यक्ष की शीघ्र नियुक्ति करने का आग्रह किया था। अब उन्होंने राज्यपाल को पत्र भेजकर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है।
कमल वर्मा ने पत्र में उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान है। आयोग के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं में भर्ती, चयन और पदोन्नति से जुड़ी प्रक्रियाएं संपादित की जाती हैं। अध्यक्ष का पद लंबे समय से रिक्त रहने के कारण आयोग के सुचारु संचालन में बाधा आ रही है और कई महत्वपूर्ण प्रकरण लंबित हैं। उन्होंने कहा कि शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामलों का समय पर निराकरण नहीं होने से उनके सेवागत हित प्रभावित हो रहे हैं। पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति नहीं मिलने के कारण आर्थिक और सेवा संबंधी लाभ प्राप्त करने में भी विलंब हो रहा है। वहीं, विभिन्न विभागों में उच्च पदों पर रिक्तियां बनी रहने से प्रशासनिक कार्यक्षमता प्रभावित होने की आशंका है।
राजपत्रित अधिकारी संघ ने राज्यपाल से लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद को प्राथमिकता के आधार पर भरने का आग्रह किया है। इसके साथ ही आयोग में लंबित पदोन्नति प्रकरणों और अन्य महत्वपूर्ण फाइलों का समयबद्ध निराकरण करने की मांग की गई है। संघ का कहना है कि अध्यक्ष की नियुक्ति होने से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को गति मिल सकेगी और अधिकारियों तथा कर्मचारियों के लंबित मामलों के निराकरण का रास्ता खुलेगा। महादेव कांवड़े छत्तीसगढ़ कैडर के 2008 बैच के सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। उनका जन्म 18 मई 1966 को हुआ था। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई और डिजाइन इंजीनियरिंग में एमटेक की शिक्षा प्राप्त की है। अपने प्रशासनिक सेवाकाल के दौरान उन्होंने प्रदेश के कई महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में जिम्मेदारियां संभाली हैं।
कांवड़े बेमेतरा और जशपुर जिले के कलेक्टर रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने दुर्ग संभाग के संभागायुक्त, आवास एवं पर्यावरण विभाग तथा वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग के विशेष सचिव (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में भी सेवाएं दी हैं। वे रायपुर संभाग के संभागायुक्त भी रह चुके हैं। उनके पास जिला प्रशासन और विभागीय कार्यों का व्यापक अनुभव है। फिलहाल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अधिकारियों, कर्मचारियों और अभ्यर्थियों की निगाहें राजभवन पर टिकी हुई हैं। राजभवन से अनुमोदन मिलने और नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद ही महादेव कांवड़े के अध्यक्ष बनने की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।