प्रार्थना सभा के विरोध में पुलिस और हिंदू संगठनों के बीच विवाद, जांच के निर्देश
छग
Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में प्रार्थना सभा के विरोध के दौरान पुलिसकर्मियों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच हुई तीखी नोकझोंक का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटनाक्रम से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन से शिकायत की है। संगठनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार, 22 नवंबर को नगरी क्षेत्र में एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने इस आयोजन का विरोध किया। इसी दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो बाद में तीखी बहस में बदल गई। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है। वायरल वीडियो में सिहावा थाना प्रभारी चक्रधर बाग कथित तौर पर गाली-गलौज करते सुनाई दे रहे हैं। पुलिस अधिकारी की भाषा पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। इस दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि जिसने मारपीट की है, उसे गाली दी गई है। इसी बात को लेकर पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
घटनाक्रम से जुड़े वीडियो में उपनिरीक्षक गणेश खुटे भी राज्य सरकार के आदेश का उल्लेख करते हुए सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि राज्य सरकार के आदेश के अनुसार प्रत्येक प्रार्थना सभा को सुरक्षा प्रदान की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अशांति उत्पन्न न हो। उनके इस बयान पर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताते हुए संबंधित आदेश का कानूनी और प्रशासनिक आधार सार्वजनिक करने की मांग की है। मामले को लेकर हिंदू जागरण मंच और सकल हिंदू समाज नगरी ने पुलिस प्रशासन से शिकायत की है। शिकायत में सिहावा थाना प्रभारी चक्रधर बाग, सहायक उपनिरीक्षक चंद्रभान डहरिया, प्रधान आरक्षक गोपी चंद्राकर और उपनिरीक्षक गणेश खुटे के नाम शामिल किए गए हैं। संगठनों ने चारों पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच करने की मांग उठाई है।
हिंदू जागरण मंच के पुरुषोत्तम निषाद और चित्रेश साहू ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा के विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर अश्लील भाषा का प्रयोग करने, हाथापाई की कोशिश करने और सभा में उपस्थित लोगों को उकसाने का भी आरोप लगाया है। संगठनों ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायत में वायरल वीडियो की जांच के साथ संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज करने की मांग भी की गई है। इसके अलावा घटना के दिन की ड्यूटी से संबंधित दस्तावेज, ड्यूटी रजिस्टर, वायरलेस संदेश, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित प्रशासनिक आदेशों को सुरक्षित रखने का आग्रह किया गया है। संगठनों का कहना है कि इन दस्तावेजों और वीडियो की जांच से घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
इधर, पूरे विवाद पर संज्ञान लेते हुए धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने पुलिस प्रशासन का पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि प्रार्थना सभा को संरक्षण देने जैसी कोई बात नहीं है। पुलिस कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से सभी स्थानों पर जाती है, ताकि किसी प्रकार की अशांति उत्पन्न न हो। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की बात भी कही है। पुलिस अधीक्षक के बयान के बाद अब निगाहें विभागीय जांच पर टिकी हुई हैं। हिंदू संगठनों द्वारा लगाए गए आरोपों, वायरल वीडियो और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका का परीक्षण होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत की गई है। उनके विरुद्ध किसी विभागीय कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।