Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चर्चित हिस्ट्रीशीटर संजू त्रिपाठी हत्याकांड में एक बार फिर कानूनी लड़ाई शुरू होने की तैयारी है। निचली अदालत द्वारा मामले में सभी 22 आरोपियों को दोषमुक्त किए जाने के फैसले के खिलाफ बिलासपुर पुलिस अब हाई कोर्ट में अपील करने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए पुलिस ने प्रकरण जिला अभियोजन अधिकारी (डीपीओ) के पास भेज दिया है। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने और शासन की अनुमति मिलने के बाद राज्य शासन की ओर से हाई कोर्ट में अपील प्रस्तुत की जाएगी।

बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि पुलिस सीधे हाई कोर्ट में अपील नहीं कर सकती। इसके लिए निर्धारित कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक है। जिला अभियोजन अधिकारी के स्तर पर प्रकरण का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव कलेक्टर के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। शासन की मंजूरी मिलने के बाद अपील की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। दरअसल, 30 अक्टूबर को 10वें अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आदित्य जोशी की अदालत ने संजू त्रिपाठी हत्याकांड में सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया था। अदालत के फैसले के बाद बिलासपुर पुलिस ने इसे उच्च न्यायालय में चुनौती देने की दिशा में कदम उठाया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने जिला अभियोजन कार्यालय को पत्र भेजकर अपील की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया था।

पुलिस की ओर से जिला अभियोजन कार्यालय को भेजे गए दो पन्नों के पत्र में 12 प्रमुख बिंदुओं का उल्लेख किया गया है। इनमें हत्याकांड की विवेचना के दौरान जुटाए गए परिस्थितिजन्य, तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का विवरण शामिल है। पुलिस ने इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर निचली अदालत के फैसले को चुनौती देने की तैयारी की है। पुलिस ने अपने पत्र में दो देशी पिस्तौल और कारतूस की बरामदगी, हथियारों की परीक्षण रिपोर्ट तथा मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को अपील का प्रमुख आधार बताया है। इसके अलावा विवेचना के दौरान प्राप्त मोबाइल डाटा, चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज जैसे तकनीकी साक्ष्यों का भी उल्लेख किया गया है।

इसके साथ ही बैंक खातों में हुए लेनदेन, वाहनों और हथियारों की बरामदगी तथा कथित सुपारी की रकम के लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों को भी पत्र में शामिल किया गया है। पुलिस ने मामले में 30 से अधिक स्वतंत्र और पुलिस गवाहों के बयानों का उल्लेख करते हुए फैसले के खिलाफ अपील करने का आधार प्रस्तुत किया है। इन सभी बिंदुओं का जिला अभियोजन अधिकारी के स्तर पर परीक्षण किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिला अभियोजन अधिकारी द्वारा प्रकरण की समीक्षा पूरी होने के बाद फाइल कलेक्टर के पास भेजी जाएगी। कलेक्टर के माध्यम से प्रस्ताव राज्य शासन तक पहुंचेगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद मामला महाधिवक्ता कार्यालय भेजा जाएगा। इसके बाद राज्य शासन की ओर से छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में अपील प्रस्तुत की जाएगी। हालांकि, अभी हाई कोर्ट में अपील दाखिल नहीं हुई है।

इधर, संजू त्रिपाठी की पत्नी किरण त्रिपाठी ने बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह से मुलाकात की है। उन्होंने स्वयं और अपने परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों से सहायता मांगी है। एसएसपी ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस को उनके घर के आसपास नियमित गश्त करने के निर्देश दिए हैं। संजू त्रिपाठी हत्याकांड में निचली अदालत का फैसला आने के बाद अब सभी की निगाहें जिला अभियोजन कार्यालय की समीक्षा और राज्य शासन के निर्णय पर टिकी हुई हैं। पुलिस द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और अपील के आधारों का कानूनी परीक्षण होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल सभी 22 आरोपी निचली अदालत के फैसले के अनुसार दोषमुक्त हैं। शासन की स्वीकृति मिलने पर इस चर्चित हत्याकांड में हाई कोर्ट के समक्ष एक बार फिर कानूनी सुनवाई का रास्ता खुल सकता है।
Tags: