वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट विनय शर्मा के निधन पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जताया शोक
छग
Raipur. रायपुर। वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट विनय शर्मा के निधन पर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद और अविश्वसनीय समाचार बताया है। सांसद अग्रवाल ने कहा कि विनय शर्मा से कॉलेज के दिनों से निरंतर मुलाकातें होती रहीं। एक दौर था जब रायपुर में कोई भी आंदोलन या बड़ी घटना ऐसी नहीं होती थी, जिसमें विनय शर्मा अपने कैमरे के साथ मौजूद न हों। रायपुर की पत्रकारिता में शायद ही कोई ऐसा महत्वपूर्ण क्षण रहा हो जिसे उनके कैमरे ने दर्ज न किया हो।
उन्होंने कहा कि विनय न केवल एक उत्कृष्ट फोटो जर्नलिस्ट थे, बल्कि संवेदनशील, सरल हृदय वाले, स्वाभिमानी और आत्मसम्मान से परिपूर्ण व्यक्ति थे। उनकी खींची गई तस्वीरें बोलती थीं। उनकी नजर इतनी पैनी और भावनाओं से परिपूर्ण थी कि तस्वीरें खुद ही समाचार बन जाती थीं। सांसद ने कहा कि उनके साथ बिताए पलों की अनेक स्मृतियाँ आज मन में उमड़ रही हैं। उनका जाना छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति है। बृजमोहन अग्रवाल ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति दें।