BILASPUR बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चांदनी चौक में हिस्ट्रीशीटर भूपेंद्र दुबे उर्फ पंडा उर्फ गोलू द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 13 नवंबर की रात नशे में धुत भूपेंद्र ने लोहे की रॉड लेकर राहगीरों को दौड़ाया और सड़क किनारे खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की। घटना के वीडियो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भूपेंद्र अपने घर के सामने लोहे की रॉड लेकर सड़क पर उत्पात मचा रहा था। उसकी हरकतों से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। राहगीर किसी तरह वहां से निकले, जबकि मोहल्ले के लोग अपने घरों में चले गए। कुछ लोगों ने छतों से घटना का वीडियो बनाया।
बताया जा रहा है कि भूपेंद्र ने सड़क किनारे खड़ी कार और दोपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की। उसकी हरकतों से परेशान होकर पिता ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम के सामने भी भूपेंद्र कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करता रहा। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी उसे समझाने और उसका नाम-पता दर्ज करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद टीम वहां से लौट गई। पुलिस के जाने के बाद भी उसका उत्पात जारी रहने की बात सामने आई है। घटना के तीन अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए।

वीडियो एसएसपी रजनेश सिंह तक पहुंचे तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सिविल लाइन पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद गुरुवार रात पुलिस ने भूपेंद्र को थाने लाकर पूछताछ शुरू की। जानकारी के मुताबिक, भूपेंद्र दुबे सिविल लाइन थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। करीब दस वर्ष पहले पुलिस ने उसके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई का प्रस्ताव भी भेजा था। इस घटना के बाद डायल 112 की कार्यप्रणाली और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर नाराजगी जताई है।
Tags: