ज्वेलरी दुकान लूट का प्रयास नाकाम: आरोपी हरवेन्द्र बारले गिरफ्तार

छग

Update: 2025-09-16 14:39 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी में ज्वेलरी दुकान में लूट का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना माना कैम्प क्षेत्र में पी.पी. ज्वेलर्स दुकान में लूट की नीयत से घुसे आरोपी हरवेन्द्र बारले उर्फ टीनू उर्फ राजा को एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना माना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में धर दबोचा गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक्टिवा वाहन सहित घटना से संबंधित मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
लूट का प्रयास कैसे हुआ?
प्रार्थी प्रणव विश्वास ने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर 2025 की शाम करीब 5:50 बजे वह अपनी ज्वेलरी दुकान में मौजूद था। उसी समय एक नकाबपोश युवक दरवाजे से टकराकर अंदर आया। कुछ देर इधर-उधर देखने के बाद वह आरोपी फिर गेट की तरफ गया और वापस लौटकर अपने बैग से चाकू निकाल लूट की कोशिश करने लगा। जैसे ही प्रणव विश्वास ने शोर मचाया, आरोपी दुकान से बाहर भाग गया। इसके बाद प्रार्थी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर अपराध क्रमांक 299/25 धारा 309(5) बी.एन.एस. का मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरी से आरोपी तक पहुँची पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राइम संजय सिंह सहित अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में एण्टी क्राइम यूनिट और थाना माना की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों से संपर्क कर आरोपी की पहचान की गई। पुलिस टीम को जानकारी मिली कि घटना में संलिप्त आरोपी हरवेन्द्र बारले उर्फ टीनू उर्फ राजा तेलीबांधा क्षेत्र का निवासी है। उसे पकड़कर पूछताछ की गई तो उसने लूट के प्रयास के साथ-साथ थाना तेलीबांधा क्षेत्र से एक्टिवा वाहन चोरी की घटना भी स्वीकार की। आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 588/25 धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज है।
चोरी की एक्टिवा और मोबाइल बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी से चोरी की एक्टिवा वाहन क्रमांक सीजी 04 एलसी 7852 और घटना से संबंधित मोबाइल फोन जप्त किए गए। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी वाहन चोरी का मामला दर्ज है। वह पहले दुर्ग जिले के थाना अमलेश्वर में वाहन चोरी के आरोप में जेल जा चुका है।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी हरवेन्द्र बारले उर्फ टीनू उर्फ राजा पिता विष्णु राम बारले उम्र 25 वर्ष ग्राम भरदा, थाना बिरेझर
, जिला धमतरी का निवासी है। वर्तमान में वह प्रतिष्ठा मैरिज हाल, जोरा, थाना तेलीबांधा रायपुर में रह रहा था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया। निरीक्षक मनीष तिवारी, प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय, प्र.आर. जसवंत सोनी, आर. तुकेश निषाद, लक्ष्मीनारायण साहू, अविनाश टंडन सहित थाना माना से सउनि विजय नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण और स्थानीय मुखबिरों की मदद से अपराधियों तक पहुँचना संभव हुआ।
Tags:    

Similar News