अरसे बाद खुले जनसंवाद के द्वार, CM साय ने जरूरतमंदों के जीवन में जगाई नई उम्मीद
मौके पर ही वित्तीय सहायता
रायपुर : लंबे अंतराल के बाद मुख्यमंत्री निवास में आयोजित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनदर्शन इस बार केवल जनसमस्याओं की सुनवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में राहत, विश्वास और नई उम्मीद लेकर आया। प्रदेश के दूर-दराज इलाकों से अपनी परेशानियों और उम्मीदों के साथ पहुंचे नागरिकों के लिए मुख्यमंत्री निवास का खुला दरवाजा एक नए भरोसे का प्रतीक बना। किसी बुजुर्ग के जीवन में तीन दशकों बाद स्पष्ट आवाज सुनने की खुशी लौटी, किसी मां को अपने मासूम के बेहतर उपचार की उम्मीद मिली, तो किसी पिता को अपने बच्चे के पैरों पर खड़े होने का विश्वास मिला। आर्थिक विपन्नता के बीच शिक्षा जारी रखने के लिए संघर्ष कर रही बेटी को सहयोग का आश्वासन मिला, वहीं खेल प्रतिभाओं के सपनों को आगे बढ़ाने की पहल भी हुई।
जनसंवाद के सिलसिले को दी नई गति
जनसंवाद के सिलसिले को नई गति देते हुए इस जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक और आर्थिक कठिनाइयों को समझा। समस्याओं को सुनने के साथ ही मौके पर श्रवण यंत्र, चश्मा और चिकित्सा सहायता राशि उपलब्ध कराई गई, जबकि गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे बच्चों के उपचार के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए गए। जनदर्शन की इन तस्वीरों ने यह संदेश दिया कि शासन की सार्थकता केवल बड़ी विकास योजनाओं और उपलब्धियों में ही नहीं, बल्कि उस अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने में भी है, जिसकी उम्मीदें व्यवस्था से जुड़ी होती हैं। लंबे इंतजार के बाद हुए इस जनदर्शन में प्रशासनिक तत्परता के साथ मानवीय संवेदनाओं का समन्वय देखने को मिला, जहां अनेक फरियादी अपनी परेशानियों के बीच राहत और बेहतर कल की उम्मीद लेकर लौटे।
मानवीय संवेदनाओं की दिखे कई तस्वीरें
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन में मानवीय संवेदनाओं और जनसेवा की कई तस्वीरें देखने को मिलीं। किसी बुजुर्ग को तीन दशक बाद साफ आवाज सुनने की खुशी मिली, तो किसी मां को अपने मासूम बच्चे के बेहतर इलाज की उम्मीद जगी। आर्थिक परेशानियों के बीच पढ़ाई जारी रखने के लिए संघर्ष कर रही बेटी को सहयोग का भरोसा मिला, वहीं खेल के क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर रही बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिला। मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के साथ अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में 26 नवंबर को आयोजित जनदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी परेशानियों को गंभीरता से सुना। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, आर्थिक कठिनाइयों, शिक्षा और खेल से जुड़े आवेदनों पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जरूरतमंद नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।
तीन दशक बाद साफ आवाज सुनकर भावुक हुए 83 वर्षीय परसराम
कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर अपने पुत्र सोमनाथ राठौर के साथ जनदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से सुनने की समस्या से जूझ रहे हैं। इसके कारण उन्हें सामान्य बातचीत और रोजमर्रा के कामकाज में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग की समस्या को आत्मीयता से सुनते हुए कहा, 'बाबा, चिंता मत कीजिए, अब आपको सुनने में परेशानी नहीं होगी। आपकी समस्या का समाधान यहीं किया जाएगा।' मुख्यमंत्री ने तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बातचीत के दौरान बुजुर्ग ने आंखों की कमजोरी के बारे में भी जानकारी दी, जिस पर मुख्यमंत्री ने चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। श्रवण यंत्र लगाते ही परसराम राठौर को स्पष्ट आवाजें सुनाई देने लगीं। लंबे समय बाद साफ आवाज सुनकर अभिभूत हुए बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा, 'अब मुझे सब कुछ अच्छी तरह सुनाई दे रहा है। इतने वर्षों बाद इतनी साफ आवाज सुनकर बहुत अच्छा लग रहा है। मुख्यमंत्री जी ने मेरी बहुत बड़ी समस्या दूर कर दी।' उनके पुत्र सोमनाथ राठौर ने भी तत्काल सहायता मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
टापारा के बलवंत सिंह यादव को भी मिला श्रवण यंत्र
भाटापारा के नेहरू वार्ड निवासी बलवंत सिंह यादव भी सुनने की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री के जनदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को आवेदन सौंपकर श्रवण यंत्र और श्रवण दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की। बलवंत सिंह ने बताया कि उन्हें दाएं कान से कम सुनाई देता है और बाएं कान में भी श्रवण संबंधी परेशानी है। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनकर तत्काल श्रवण यंत्र प्रदान किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
तीन वर्षीय पार्थ की आंखों के इलाज की होगी व्यवस्था
राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर जनदर्शन में पहुंची पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री को अपनी आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनका बेटा समय से पहले पैदा हुआ था। जन्म के समय उसकी स्वास्थ्य स्थिति कमजोर होने के कारण करीब दो महीने तक उसे अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। वर्तमान में भी पार्थ शारीरिक रूप से कमजोर है और उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है। चिकित्सकों ने बच्चे को मोतियाबिंद की समस्या बताई है। आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के उपचार पर लाखों रुपये का खर्च आने की जानकारी दी गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चे का महंगा इलाज करा पाना संभव नहीं हो पा रहा था। मुख्यमंत्री ने मां की चिंता को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को पार्थ के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की इस पहल से परिवार को बच्चे के उपचार की नई उम्मीद मिली है।
छह वर्षीय मासूम के पैरों के ऑपरेशन के लिए CM ने दिए निर्देश
रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग माता हिरकना बाई कोटांगले के साथ छह वर्षीय बेटे के पैरों के ऑपरेशन के लिए सहायता मांगने जनदर्शन में पहुंचे। अमित ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही चलने-फिरने में परेशानी है। काफी कठिनाइयों के बीच उन्होंने बड़े बेटे का ऑपरेशन कराया था, जिसके बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ। हालांकि, आर्थिक तंगी के कारण छोटे बेटे का ऑपरेशन नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। बच्चों की परवरिश और परिवार की जिम्मेदारियां वे अपनी बुजुर्ग माता और बहन के सहयोग से संभाल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने परिवार की परिस्थितियों को समझते हुए बच्चे के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर इलाज के लिए आवश्यक सहायता की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर उपचार के लिए सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फरहीन को मिला मदद का भरोसा
जशपुर से अपनी माता के साथ जनदर्शन में पहुंची बीकॉम की छात्रा फरहीन ने मुख्यमंत्री को परिवार की आर्थिक कठिनाइयों के बारे में बताया। फरहीन के पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। वर्ष 2025 में उनके पिता का निधन हो गया। आर्थिक परिस्थितियां इतनी कठिन हो गईं कि परिवार के सामने घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है। इन परिस्थितियों के बीच फरहीन के लिए अपनी पढ़ाई जारी रखना भी एक बड़ी चुनौती बन गया है। मुख्यमंत्री ने उनकी पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने फरहीन को अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए सरकार सहयोग करेगी।
मार्शल आर्ट की खिलाड़ी बेटियों सना और सानिया को CM ने किया प्रोत्साहित
जनदर्शन में नवा रायपुर से पहुंचीं मार्शल आर्ट की खिलाड़ी बहनों सना और सानिया ने भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। दोनों बहनों ने अपनी खेल उपलब्धियों और भविष्य की तैयारियों के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। सना और सानिया गोल्डन कप, खेलो इंडिया गेम्स और दमन में आयोजित बीच गेम्स में हिस्सा लेकर पदक जीत चुकी हैं। दोनों बहनें खेल के साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रख रही हैं। सना बीकॉम और सानिया बीसीए की छात्रा हैं। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
तीन जरूरतमंदों को मौके पर मिली 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनदर्शन में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे तीन जरूरतमंदों को कुल 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए। रायपुर निवासी मोहम्मद आरिफ अपने सात वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के उपचार के लिए सहायता मांगने पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बेटा ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है। उसकी नियमित थेरेपी पर प्रतिमाह करीब 40 हजार रुपये खर्च होते हैं। दुर्घटना में चोटिल होने के बाद उनके पास वर्तमान में रोजगार का कोई साधन नहीं है। ऐसे में परिवार की आजीविका चलाने के साथ बच्चे की नियमित थेरेपी का खर्च उठाना कठिन हो गया है। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनकर बच्चे की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपये का सहायता चेक प्रदान किया। इसी प्रकार पाटन निवासी ज्ञानेश कुमार साहू ने पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगी। मुख्यमंत्री ने उन्हें तत्काल 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के इलाज के लिए भी मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता प्रदान की। उनकी पुत्री ऋषिका सोलंकी को पांच हजार रुपये का सहायता चेक सौंपा गया।
जरूरतमंदों को भटकना न पड़े, अधिकारियों को CM के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं से लेकर आर्थिक सहायता, शिक्षा, दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री ने आवश्यक पहल की। इस जनदर्शन में किसी बुजुर्ग को वर्षों बाद स्पष्ट आवाज सुनने की खुशी मिली, किसी मां को बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य की उम्मीद जगी, तो किसी बेटी को अपनी पढ़ाई जारी रखने का भरोसा मिला। नागरिकों को तत्काल सहायता प्रदान करने और लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश जारी करने की पहल ने जनदर्शन के मानवीय और जनकल्याणकारी स्वरूप को सामने रखा।