रायपुर में बेटे ने की बाप की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2025-10-19 13:53 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के मजदूर नगर सरोरा इलाके में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने ही पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हत्या के पीछे पारिवारिक कलह, आर्थिक तकरार और चरित्र शंका जैसी बातें प्रमुख कारण रहीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है। मृतक की पहचान देव प्रसाद सेन (45 वर्ष) पिता नाथूराम सेन के रूप में हुई है। वहीं आरोपी का नाम दिनेश कुमार सेन है, जो मृतक का सगा पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड (ज्यूडिशियल रिमांड) पर भेजा जा रहा है। पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी दिनेश ने कुछ समय पहले दूसरी जाति की एक युवती से प्रेम विवाह किया था।

शादी के बाद से ही परिवार में लगातार तनाव चल रहा था। घर खर्च के लिए पिता से पैसे मांगने पर आए दिन विवाद होता था। शुक्रवार को भी इसी बात पर झगड़ा हुआ, जब पिता ने पैसे देने से मना कर दिया और बेटे को नौकरी करने की नसीहत दी। इससे नाराज होकर आरोपी ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से अपने पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के मन में अपनी पत्नी और पिता को लेकर चरित्र संदेह भी था, जिसके चलते घर का माहौल और बिगड़ गया था। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसे गुस्सा इतना आया कि उसने खुद पर नियंत्रण खो दिया और पिता की हत्या कर दी।

घटना के समय घर में आरोपी की पत्नी भी मौजूद थी, जिसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। घटना की सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार को भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला घरेलू विवाद और मानसिक असंतुलन के कारण हुए अचानक हमले का प्रतीत होता है। प्रारंभिक जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है। आरोपी के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Tags:    

Similar News