जिला बदर बदमाश साहिल गौली उर्फ मुंडुल रायपुर से गिरफ्तार, धमतरी में फैलाई थी दहशत
जनता से रिश्ता की खबर का असर
Dhamtari. धमतरी। जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले अपराधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में जिला बदर और निगरानी बदमाश साहिल गौली उर्फ मुंडुल को रायपुर के गोकुल नगर से गिरफ्तार किया गया है। साहिल पर सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज और तोड़फोड़ का आरोप है, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। वायरल वीडियो में साहिल अपने साथियों के साथ विमल टॉकीज के पास वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए देखा गया था। इस पर धमतरी कोतवाली थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गोकुल नगर, रायपुर में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
जिला बदर का उल्लंघन कर धमतरी में की थी घुसपैठ
पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2025 को साहिल गौली को एक वर्ष के लिए जिला बदर किया गया था, फिर भी वह बिना अनुमति के धमतरी में घुसकर उपद्रव कर रहा था। पूछताछ में उसने धमतरी अथवा रायपुर में प्रवेश की वैध अनुमति न होने की बात स्वीकारी।
विधिक धाराओं में मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजे गए
साहिल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 एवं छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 15 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया।
अन्य आरोपी भी गिरफ्तार:
राहुल यादव पिता कमल यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी गोकुल नगर, रायपुर
दो विधि से संघर्षरत बालक भी उपद्रव में शामिल पाए गए
एक अन्य आरोपी साहिब बेग, जो कुछ दिन पहले ही मोटरसाइकिल स्टंट मामले में थाना अर्जुनी द्वारा जेल भेजा गया था
एक अन्य आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया है
पुलिस की सक्रियता सराहनीय
पूरे ऑपरेशन में सायबर सेल और सिटी कोतवाली थाना धमतरी की तत्परता और तकनीकी विश्लेषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिससे समय पर कार्रवाई संभव हो सकी।
आमजन से अपील
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
"धमतरी पुलिस – सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा।"