Raipur रायपुर। अपराधों की रोकथाम और शहर में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और चाकूबाजों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से धारदार चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र श्री तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चाकूबाजों, गुंडा एवं निगरानी बदमाशों सहित आपराधिक तत्वों की लगातार चेकिंग कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में 29 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि पीडब्ल्यूडी ओवरब्रिज और बुद्धिमाता चौक, राजेंद्र नगर के पास दो अलग-अलग व्यक्ति धारदार चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक-एक नग धारदार चाकू, कुल दो चाकू बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रितम बाघ, उम्र 38 वर्ष, निवासी न्यू राजेंद्र नगर, राजीव पाण्डेय नगर तथा लोमेश मंडावी, उम्र 19 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 462/26 और 463/26 दर्ज कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। रायपुर पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों में भय का वातावरण पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और शहर में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखना है।
Tags: