Raipur रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिसकर्मी के घर चोरी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पंडरी थाना क्षेत्र के दुबे कॉलोनी स्थित ग्रैंडले विहार में महिला थाना में पदस्थ आरक्षक दीपक पटेल के घर को चोरों ने निशाना बनाया। वारदात उस समय हुई, जब आरक्षक रात्रि गश्त के लिए थाने गया हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, रक्षाबंधन के अवसर पर आरक्षक की पत्नी और बच्चे गांव गए हुए थे। घर में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात मकान का ताला तोड़ दिया। इसके बाद चोर घर के अंदर दाखिल हुए और अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखी नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
रात्रि गश्त पूरी करने के बाद जब आरक्षक दीपक पटेल वापस अपने घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले, जिसके बाद तत्काल घटना की सूचना पंडरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चोरी की वारदात की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, डॉग स्क्वायड और क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की गतिविधियों और वारदात के समय इलाके में मौजूद लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। चूंकि पीड़ित स्वयं पुलिस विभाग में पदस्थ है, इसलिए घटना को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। चोरी गए सामान और नकदी की वास्तविक कीमत का आकलन भी किया जा रहा है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।