Raipur रायपुर: पुरानीबस्ती में अवैध हथियार लेकर लोगों को भयभीत करने वाले आरोपी के खिलाफ पुरानी बस्ती पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अमीरुद्दीन उर्फ जीशान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लोहे का एक देशी कट्टा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन श्री रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती श्री देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में अवैध हथियार रखने और उनका प्रदर्शन कर लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 29 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति देशी कट्टा लेकर क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को दिखाकर उन्हें डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुरानी बस्ती पुलिस और पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद अमीरुद्दीन उर्फ जीशान, पिता निजामुद्दीन, उम्र 26 वर्ष, निवासी नेहरू नगर, चांदनी चौक, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से लोहे का एक देशी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 446/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अवैध हथियार के स्रोत और आरोपी की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।