Raipur रायपुर। गणेशोत्सव और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पश्चिम क्षेत्र पुलिस ने कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान चाकूबाजी, मादक पदार्थ, अवैध शराब और अन्य गतिविधियों से जुड़े मामलों के साथ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार विभिन्न मामलों में 132 लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिनसन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम क्षेत्र के निर्देशन में पश्चिम क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध हथियार रखने वालों, मादक पदार्थ से जुड़े मामलों, अवैध शराब और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी गई। लंबित गिरफ्तारी वारंटों की तामिली भी की गई।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चला अभियान
टिकरापारा थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के तहत एक प्रकरण, धारा 170 बीएनएसएस के तहत 14 और एनडीपीएस एक्ट के तहत दो प्रकरणों में कार्रवाई की गई। सरस्वती नगर में आर्म्स एक्ट का एक, धारा 170 बीएनएसएस के तहत पांच, एनडीपीएस एक्ट के दो और धारा 129 बीएनएसएस के तहत पांच मामलों में कार्रवाई की गई। पुरानी बस्ती पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत एक प्रकरण दर्ज किया। इसके अलावा धारा 170 बीएनएसएस के तहत 13 और धारा 129 के तहत पांच कार्रवाई की गईं। कबीर नगर क्षेत्र में धारा 129 के तहत पांच कार्रवाई और चार गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की गई। यहां कोटपा एक्ट के तहत भी 212 कार्रवाई की गईं। डीडी नगर पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत चार, आर्म्स एक्ट में एक, धारा 170 बीएनएसएस में नौ और धारा 129 के तहत पांच कार्रवाई की। मुजगहन में आर्म्स एक्ट के दो प्रकरणों के साथ धारा 170 के तहत दो और धारा 129 के तहत चार कार्रवाई की गईं।
मादक पदार्थ और अवैध हथियारों पर नजर
आजाद चौक पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत छह, आर्म्स एक्ट में एक और धारा 129 के तहत दो कार्रवाई की। न्यू राजेंद्र नगर में आबकारी एक्ट के तीन प्रकरण, धारा 170 के तहत 15, एनडीपीएस एक्ट का एक और धारा 129 के तहत चार कार्रवाई की गईं। आमानाका पुलिस ने धारा 170 के तहत 11 और धारा 129 के तहत एक कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि गणेशोत्सव और त्योहारी सीजन में बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ बढ़ने के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के साथ असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर निगरानी रखी जा रही है। पश्चिम क्षेत्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार, मादक पदार्थ, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags: