रायपुर : देश के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और आदिवासी जननायक 'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। राजधानी रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को आज राष्ट्रव्यापी स्तर पर 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जा रहा है।
आदिवासी अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है आज का दिन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने न केवल अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान का बिगुल फूंका, बल्कि जल, जंगल, जमीन और आदिवासी संस्कृति की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन हमारे आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, कला, संस्कृति और देश की आजादी में उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देने का एक सशक्त माध्यम है।
छत्तीसगढ़ में विशेष आयोजनों की धूम
सीएम साय ने आगे कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है कि इस वर्ष जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में राज्य भर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के सभी आदिवासी अंचलों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगोष्ठियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
जनजातीय समाज के उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भगवान बिरसा मुंडा के दिखाए मार्ग पर चलते हुए सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े आदिवासी परिवारों तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।