Bihar बिहार: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से सामूहिक बलात्कार के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) रजनीश कांत प्रियदर्शी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को श्रीनगर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी (13) के साथ गांव के ही चार लड़कों ने सामूहिक बलात्कार किया है। घटना की सूचना मिलते ही श्रीनगर थाना, महिला थाना, अनुमंडल पुलिस अधिकारी सदर 2 और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच की।
प्रियदर्शी ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद महिला थाने ने नाबालिग पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। बलात्कार की घटना में शामिल दो आरोपियों केयाजम शेख और दिलशाद खान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की घर में सो रही थी, तभी चारों युवक कमरे में घुस आए और फिर नाबालिग को जबरन खेत में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।