Bihar बिहार: ओसिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र में मैरवा ओवरब्रिज के नीचे मंगलवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सलेमपुर थाना क्षेत्र के मझौलीराज अंतर्गत मठिया गांव निवासी 20 वर्षीय प्रिंस कुमार यादव के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने सुबह ओवरब्रिज के नीचे एक युवक का शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई पूरी की और फिर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रिंस मवेशी खरीदने-बेचने का काम करता था और किसी काम से घर से निकला था। जब परिजनों को उसकी मौत की खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।
प्रिंस के परिजन राकेश यादव ने घटना की गहन जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हत्या है, आत्महत्या है या फिर हादसा। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और हर एंगल से मामले की जांच शुरू कर दी है।