Guwahati गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी में एक 38 वर्षीय महिला को अपने पति की कथित तौर पर हत्या करने और उसके शव को अपने घर में दफनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आरोपी रहीमा खातून ने कथित तौर पर 26 जून को शहर के पांडु इलाके के जॉयमती नगर स्थित अपने घर में घरेलू विवाद के बाद अपने पति सबियाल रहमान (40) की हत्या कर दी। कबाड़ का काम करने वाले रहमान की खातून से 15 साल पहले शादी हुई थी और उनके दो बच्चे भी थे।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद, खातून ने अपने पति के शव को घर के अंदर खोदे गए पाँच फुट गहरे गड्ढे में दफना दिया। अपराध को छिपाने के लिए, उसने शुरुआत में अपने परिचितों को बताया कि रहमान काम के सिलसिले में केरल चला गया है। जब संदेह बढ़ा, तो वह स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर घर से भाग गई।
यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता के भाई ने 12 जुलाई को जालुकबारी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। अगले दिन, रहीमा खातून ने उसी पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया और अपना अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) पद्मनाव बरुआ ने कहा कि खातून ने शुरुआती पूछताछ में स्वीकार किया कि 26 जून की रात को दंपति के बीच हिंसक झड़प हुई थी।
रहमान, जो कथित तौर पर नशे में था, झगड़े के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। खातून कथित तौर पर घबरा गई, उसने घर के अंदर एक गड्ढा खोदा और शव को दफना दिया।
उसके कबूलनामे के बाद, एक फोरेंसिक टीम और एक मजिस्ट्रेट पुलिस के साथ उसके घर पहुँचे, जहाँ रहमान के सड़े-गले शव को फोरेंसिक जाँच के लिए खोदा गया।
डीसीपी बरुआ ने कहा, "हमें संदेह है कि उसने अकेले ऐसा नहीं किया होगा। यह असंभव है कि एक व्यक्ति अकेले इतना बड़ा गड्ढा खोद सके। यह पता लगाने के लिए जाँच जारी है कि क्या इसमें और लोग शामिल थे।"
Tags: