Yoga Tips: योग बीमारियों से लड़ने के लिए शरीर की क्षमता को मजबूत बनाने में सहायक है। योगासनों का अभ्यास इम्यूनिटी मजबूत करने में बेहद फायदेमंद हो सकता है। योग के साथ ही संतुलित आहार और पर्याप्त नींद का भी ध्यान रखें।
नियमित योगाभ्यास शरीर को मजबूत बनाने के साथ-साथ तनाव को कम करता है, जिससे इम्यून सिस्टम बेहतर तरीके से काम करता है। आइए जानते हैं ऐसे कुछ योगासनों के बारे में, जो आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।
भुजंगासन 
भुजंगासन से रीढ़ की हड्डी मजबूत होती है और यह शरीर के रक्त संचार को सुधारता है। यह योगासन फेफड़ों को मजबूत बनाने में भी मदद करता है, जिससे सांस संबंधी समस्याएं दूर होती हैं।
भुजंगासन की अभ्यास विधि
पेट के बल लेटकर हथेलियों को कंधों के पास रखें। धीरे-धीरे सांस लेते हुए सिर और छाती को ऊपर उठाएं। इस दौरान पेट को जमीन पर लगे रहने दें। इस स्थिति में 15-20 सेकंड तक रहें, फिर धीरे-धीरे वापस आएं।

ताड़ासन
ताड़ासन पूरे शरीर को खींचने का योगासन है। यह शरीर में रक्त प्रवाह को बेहतर बनाता है और मांसपेशियों को रिलैक्स करता है।
ताड़ासन की अभ्यास विधि
सीधे खड़े होकर हाथों को सिर के ऊपर उठाएं। अब उंगलियों को इंटरलाॅक करें और शरीर को ऊपर की ओर खींचें। पैरों के पंजों पर खड़े होकर 10-15 सेकंड तक इस स्थिति में रहें।
वज्रासन
यह योगासन पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है और शरीर को आराम देता है। वज्रासन का अभ्यास खाने के बाद किया जा सकता है, जिससे पेट की समस्याएं कम होती हैं।
वज्रासन की अभ्यास विधि
वज्रासन के अभ्यास के लिए घुटनों के बल बैठकर एड़ियों पर अपने कूल्हों को टिकाएं। इस दौरान पीठ को सीधा रखते हुए हाथों को घुटनों पर रखें। इस पोजिशन में 5 से 10 मिनट तक बैठें।
Tags: