वर्कआउट के बाद भी वजन क्यों नहीं कम होता

Update: 2026-06-28 13:16 GMT

लाइफ स्टाइल: बहुत से लोग मानते हैं कि वर्कआउट के दौरान जितना ज्यादा पसीना आएगा, उतनी ही तेजी से फैट कम होगा। लेकिन एक्सपर्ट्स के अनुसार यह एक गलत धारणा है। पसीना आना और फैट बर्न होना दोनों अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। कई बार लोग घंटों एक्सरसाइज करने के बाद भी वजन कम होता हुआ देखते हैं, लेकिन वह असल में फैट लॉस नहीं होता, बल्कि शरीर से पानी कम होने की वजह से वजन घटता है। वर्कआउट के बाद वजन मशीन पर जब कोई व्यक्ति खड़ा होता है, तो उसे 500 ग्राम से 1 किलोग्राम तक वजन कम दिखाई दे सकता है। यह असल में शरीर से निकला हुआ ‘वॉटर वेट’ होता है। पसीने के जरिए शरीर से केवल पानी और कुछ जरूरी मिनरल्स जैसे सोडियम और पोटेशियम बाहर निकलते हैं। जैसे ही व्यक्ति पानी या कोई तरल पदार्थ लेता है, यह वजन फिर से सामान्य हो जाता है।

फैट बर्न कैसे होता है?

फैट कम होना एक जटिल मेटाबॉलिक प्रक्रिया है। जब शरीर को ऊर्जा की जरूरत होती है, तो वह फैट सेल्स को तोड़कर ऊर्जा में बदलता है। इस प्रक्रिया के दौरान फैट कार्बन डाइऑक्साइड और पानी में बदलकर शरीर से बाहर निकलता है। इसका मतलब है कि फैट कम होने का सीधा संबंध सांस लेने और मेटाबॉलिज्म से होता है, न कि सिर्फ पसीना आने से।

कम पसीना आने का मतलब कम कैलोरी बर्न नहीं

हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है। कुछ लोगों को हल्की एक्सरसाइज में भी ज्यादा पसीना आता है, जबकि कुछ लोग भारी वर्कआउट के बाद भी कम पसीजते हैं। यह शरीर की बनावट, मौसम, उमस, स्वेट ग्लैंड्स की संख्या और जेनेटिक्स पर निर्भर करता है। इसलिए कम पसीना आने का मतलब यह नहीं है कि शरीर में फैट बर्न नहीं हो रहा।

ज्यादा पसीना निकालने की गलत कोशिशें खतरनाक हो सकती हैं

तेजी से वजन घटाने के लिए जानबूझकर ज्यादा पसीना निकालना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है, जिसमें शरीर में पानी की कमी हो जाती है और चक्कर, कमजोरी या सिरदर्द हो सकता है। कई लोग स्लिमिंग बेल्ट या प्लास्टिक रैप का इस्तेमाल करते हैं, जिससे केवल शरीर का तापमान बढ़ता है, लेकिन फैट कम नहीं होता।

फैट लॉस का सही तरीका क्या है?

सही फैट लॉस के लिए संतुलित डाइट, नियमित एक्सरसाइज और पर्याप्त पानी का सेवन जरूरी है। कार्डियो और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग का कॉम्बिनेशन शरीर की कैलोरी बर्न करने की क्षमता को बढ़ाता है। साथ ही अच्छी नींद और सही लाइफस्टाइल भी फैट घटाने में अहम भूमिका निभाते हैं। कुल मिलाकर, पसीना आना फिटनेस का संकेत हो सकता है, लेकिन यह फैट बर्न होने की गारंटी नहीं है। असली बदलाव शरीर के अंदर होने वाली मेटाबॉलिक प्रक्रिया से आता है, न कि सिर्फ बाहर दिखने वाले पसीने से।

Tags:    

Similar News