जनता से रिश्ता वेबडेस्क। पिछले कई समय से बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कई सेलिब्रिटीज छुट्टियां मनाने के लिए देश से बाहर मालदीव जा रहे हैं। मालदीव सेलिब्रिटीज के बीच काफी पसंदीदा टूर डेस्टिनेशन है। समुद्र तटों से प्यार करने वालों को मालदीव बहुत पसंद आता है। सर्दी का मौसम हो या गर्मी का, मालदीव में घूमने के लिए पर्यटकों को काफी बेहतर विकल्प मिलेंगे। यहां के खूबसूरत बीचेस लोगों को बहुत पसंद आते हैं। माना जाता है कि बीचेज के मामले में मालदीव से बेहतर कुछ नहीं है। हालांकि लोगों को लगता है कि मालदीव महंगा पर्यटन स्थल है, जहां घूमने के लिए आपको काफी पैसे खर्च करने पड़ते हैं। समुद्र किनारे मस्ती करने और सुकून भरे पल बिताने के लिए के लिए अगर आप भी सेलिब्रिटी की तरह मालदीव जाना चाहते हैं तो मालदीव के सबसे सस्ते टूर पैकेज के बारे में जान लीजिए। मालदीव का सफर बजट में करने के लिए ये टूर पैकेज रहेंगे शानदार।

मालदीव के पर्यटन स्थल
मालदीव भारत के दक्षिण में स्थित है, जिसे आईलैंड का देश कहा जाता है। मालदीव में घूमने के लिए कई सारे बीच हैं। मालदीव की राजधानी माले से आप अपने सफर की शुरुआत कर सकते हैं। यहां काफु एटोल, आश्चर्यजनक मस्जिदें, रंगीन इमारतें, सुंदर बाजार देखने को मिलेंगे। मालदीव में कोमो कोको द्वीप स्थित है, जहां लकड़ी से बने शानदार घर में रहने का लुत्फ आप उठा सकते हैं। इसके अलावा एचपी रीफ, मालदीव के एक सुंदर पर्यटन स्थल है, जो कि सुरक्षित क्षेत्र से घोषित हुआ है। उत्तरी माले एटोल में बसे मानव निर्मित समुद्र तट को भी आप देख सकते हैं। आप मिलाधू द्वीप, अड्डू शहर, वाधू द्वीप देख सकते हैं।
मालदीव घूमने का सही समय
आप सालभर कभी भी मालदीव जा सकते हैं। यहां का तापमान लगभग हमेशा एक जैसा ही रहता है। लेकिन मालदीव घूमने का सबसे अच्छा समय नवंबर से अप्रैल के बीच का होता है। मई से अक्टूबर तक पारा थोड़ा ज्यादा हो जाता है। बारिश व तूफान आने की संभावना रहती है।
मालदीव कैसे जाएं
मालदीव में छुट्टी मनाना चाहते हैं तो हवाई सेवा का लाभ उठा सकते हैं। रेलवे और सड़क मार्ग से मालदीव जाना संभव नहीं है। इस द्वीपसमूह पर जाने के लिए आपको अंतरराष्ट्रीय और घरेलू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे दोनों से सुविधा मिल जाएगी। मालदीव में घूमने के लिए टैक्सी, स्थानीय बसें, प्राइवेट बोट, क्रूज आदि का सहारा ले सकते हैं।
मालदीव के लिए वीजा
मालदीव घूमने के लिए विदेशी नागरिकों को टूरिस्ट वीजा लेना होता है। मालदीव सरकार तीन अलग तरह के वीजा जारी करती है, जिसमें टूरिस्ट वीजा, बिजनेस वीजा और फैमिली या फ्रेंड विजिट वीजा, जो 30 दिनों के लिए वैध होता है। टूरिस्ट वीजा के लिए कम से कम दो दिन पहले आवेदन जमा करना होता है।
कितने दिन का मालदीव टूर पैकेज
मालदीव घूमने के लिए आपको 4 से 7 दिन का समय चाहिए होता है। मालदीव में कई सारे वाटर स्पोर्ट्स, कई अलग अलग एडवेंचर एक्टिविटीज, क्रूज पार्टी, सी व्यू और अलग अलग बीच पर घूमने के लिए आपको कम से कम 4 दिन के लिए मालदीव में रहना चाहिए।
मालदीव टूर पैकेज का खर्च
दिल्ली से मालदीव का हवाई किराया एक तरफ का प्रति व्यक्ति 25 हजार से ज्यादा आएगा। मालदीव में एक से बढ़कर एक खूबसूरत रिसॉर्ट और होटल हैं, जहां एक रात ठहरने के लिए 2-3 हजार रुपये से 25 हजार तक के रूम मिल जाएंगे। आप वाटर विला, रिसोर्ट, गेस्ट हाउस में ठहरने की बुकिंग करा सकते हैं। वहीं मालदीव में घूमने के लिए स्थानीय परिवहन पर आपका 10 हजार रुपये तक खर्च आ सकता है। 4 से 7 दिन के मालदीव टूर पैकेज में प्रति व्यक्ति 50 हजार रुपये तक खर्च आ सकता है। आईआरसीटीसी भी समय समय पर मालदीव टूर पैकेज यात्रियों के लिए लेकर आता है, जिसमें पर्यटकों को 4 रात और 5 दिन वाले टूर पैकेज के लिए लगभग 49660 रुपए खर्च करने पड़ सकते हैं।
Tags: