Lifestyle लाइफस्टाइल : डायबिटीज एक गंभीर बीमारी है जिसका खतरा सभी उम्र के लोगों में देखा जा रहा है। लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के कारण होने वाली ये बीमारी 20 से कम उम्र वालों में भी बढ़ती जा रही है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, डायबिटीज (हाई ब्लड शुगर) की समस्या पर अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए या फिर इसका ठीक से उपचार न हो पाए तो समय के साथ आंखों, किडनी, मेटाबॉलिज्म, हृदय से संबंधित समस्याओं का जोखिम काफी बढ़ जाता है। यही कारण है कि कम उम्र से ही सभी लोगों को शुगर लेवल को कंट्रोल में रखने के लिए उपाय करने की सलाह दी जाती है।
अगर आपके परिवार में पहले से किसी को डायबिटीज की दिक्कत रही है तो आपको बचाव को लेकर और भी सावधान हो जाना चाहिए। खान-पान में सुधार, कुछ प्रकार के घरेलू उपायों और दवाओं की मदद से न सिर्फ डायबिटीज से बचा जा सकता है, बल्कि इसके कारण होने वाले जोखिमों को भी कम किया जा सकता है। कई अध्ययनों में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने डायबिटीज किलर पत्तियों के बारे में बताया है जिन्हें शुगर के स्तर को नियंत्रित करने में बहुत फायदेमंद पाया गया है।
गुड़मार की पत्तियों के लाभ : वैसे तो नीम, तुलसी और करी पत्तों के सेवन को भी ब्लड शुगर की समस्या को कम करने वाला बताया जाता रहा है। पर कई शोध गुड़मार की पत्तियों को इसमें बहुत कारगर बताते हैं। जिमनेमा सिल्वेस्ट्रे जिसे गुड़मार के नाम से भी जाना जाता है, वैज्ञानिक इसे न सिर्फ टाइप-2 बल्कि टाइप 1 डायबिटीज के खतरे को कम करने में भी लाभकारी बताते हैं। इसका उपयोग आयुर्वेद में 2,000 से अधिक वर्षों से औषधीय रूप से किया जाता रहा है। इसकी पत्ती के पाउडर या अर्क दोनों का इस्तेमाल डायबिटीज की समस्या में करने को फायदेमंद बताया गया है।
जिम्नेमिक एसिड बनाता है इसे खास : डायबिटीज वालों के लिए गुड़मार कैसे फायदेमंद हो सकता है, इसे समझने के लिए वैज्ञानिकों ने अध्ययन किया। शोध में पाया गया इस पौधे में मौजूद प्रमुख सक्रिय यौगिकों में से एक जिम्नेमिक एसिड इसे शुगर के मरीजों के लिए फायदेमंद बनाते हैं। मीठी चीजों के सेवन से पहले इसके सेवन से, जिम्नेमिक एसिड आपके टेस्ट बड्स पर शुगर के रिसेप्टर्स को अवरुद्ध कर देता है। यह मिठास का स्वाद लेने की क्षमता को कम कर देता है, जिससे मीठा खाना कम आकर्षक लगता है।