दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग (Delhi State Election Commission) ने नगर निगम चुनाव (Municipal Elections) के संबंध में एक बड़ा फैसला किया है. राज्य निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवारों द्वारा किए जाने वाले खर्च की सीमा बढ़ा दी है. अब एमसीडी (MCD) के उम्मीदवार आठ लाख रुपए तक खर्च कर सकेंगे.


कितनी हुई बढ़ोतरी
दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने एमसीडी चुनाव में उम्मीदवारों द्वारा होने वाले खर्च की सीमा बढ़ा दी है. आयोग द्वारा खर्च की सीमा में एक लाख की बढ़ोतरी की गई है. इस बढ़ोतरी के बाद अब चुनाव के दौरान उम्मीदवार आठ लाख रूपए तक खर्च कर सकेंगे. 2017 के निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों द्वारा किए जाने वाले खर्च की अधिकतम राशि 5.75 लाख रूपए थी. जिसे 2021 के निगम उपचुनाव से पहले बढ़ाकर सात लाख रूपए कर दिया गया था. वहीं अब आयोग ने एक बार फिर इसे एक लाख और बढ़ाकर आठ लाख कर दिया गया है.

कितनी सीटों पर होगा चुनाव
माना जा रहा है कि अप्रैल महीने में दिल्ली नगर निगम का चुनाव होगा. इस दौरान निगम की 272 सीटों के लिए चुनाव होना है. अगले हफ्ते स्टेट इलेक्शन कमीशन निगम चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है. उम्मीद जताई जा रही है कि दिल्ली में निगम चुनाव की घोषणा होली से पहले हो जाएगी. ऐसे में अब दिल्ली में चुनावी हलचल तेज होती जा रही है. हर पार्टी अपने अपने उम्मीदवारों के नाम को तय करने की प्रक्रिया शुरु कर चुकी है. वहीं पार्टियों के कार्यालय पर उम्मीदवारों की लंबी कतार लग रही है.


Tags: