दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शनिवार को भुवनेश्वर में संपन्न हुए 19वें 'अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एंड एक्सपो' में 'इनोवेशन और स्मार्ट मोबिलिटी सॉल्यूशंस में उत्कृष्टता' (Excellence in Innovation and Smart Mobility Solutions) श्रेणी के तहत 'अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस' जीता है। DMRC के प्रबंध निदेशक विकास कुमार ने केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल से यह पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर ओडिशा के आवास और शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र के साथ-साथ केंद्र और ओडिशा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
दो दिवसीय इस सम्मेलन में दुनिया भर के शहरी मोबिलिटी विशेषज्ञ और पेशेवर एक साथ आए, ताकि इस क्षेत्र में टिकाऊ विकास और प्रगति पर चर्चा की जा सके। हाल के वर्षों में, DMRC ने कई स्मार्ट मोबिलिटी पहल शुरू की हैं, जिनमें डिजिटल टिकटिंग के साथ-साथ प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस (संभावित खराबी का पहले से पता लगाना) और कस्टमर रिस्पॉन्स सिस्टम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग शामिल है। DMRC के अनुसार, यह पुरस्कार इनोवेशन को बढ़ावा देने और शहरी मोबिलिटी समाधानों को बेहतर बनाने की दिशा में कॉर्पोरेशन के प्रयासों को मान्यता देता है।
Tags: