NEET UG 2026 पेपर लीक: आरोपी की जमानत याचिका पर अदालत सख्त, CBI को नोटिस जारी
NEET UG 2026 पेपर लीक केस
New Delhi: NEET UG पेपर 2026 लीक मामले के आरोपी शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर ने राउज एवेन्यू कोर्ट में जमानत याचिका दायर की है. कोर्ट ने सीबीआई को नोटिस जारी किया है. मामले की सुनवाई 15 जुलाई को होगी.
विशेष न्यायाधीश (सीबीआई) अजय गुप्ता ने मोटेगांवकर की जमानत याचिका पर सीबीआई को नोटिस जारी किया। वरिष्ठ लोक अभियोजक नीतू सिंह ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। इसके बाद मामले को अगले सप्ताह के लिए सूचीबद्ध कर दिया गया।
कोर्ट ने मोटेगांवकर और प्रहलाद कुलकर्णी की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ा दी थी. अगली तारीख पर आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी.
एक अन्य आरोपी डॉ. मनोज भगवानराव शिरुरे ने भी जमानत याचिका दायर की है। इसे 14 जुलाई को जवाब दाखिल करने और सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
सीबीआई ने आरोप लगाया था कि NEET UG परीक्षा पेपर लीक में मनोज शिरुरे की सक्रिय भूमिका थी। वह काफी हद तक साजिश का हिस्सा है।'
18 मई को राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई को शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर की 9 दिन की हिरासत दी थी. उन्हें पुणे में गिरफ्तार किया गया था.
सीबीआई ने आरोप लगाया कि वह NEET UG परीक्षा 2026 से पहले रसायन विज्ञान परीक्षा के पेपर लीक की साजिश में सक्रिय रूप से शामिल है। वह महाराष्ट्र के लातूर में एक आरसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ कोचिंग चलाता है।
सीबीआई ने आरोप लगाया है कि मोटेगांवकर अन्य आरोपी व्यक्तियों के साथ साजिश के तहत प्रश्नपत्र लीक करने और उसके वितरण में शामिल हैं।
सीबीआई का आरोप है कि मोटेगांवकर ने छात्रों को लीक हुए परीक्षा पेपर की कॉपी मुहैया कराई थी. उसने रसायन शास्त्र की परीक्षा का पेपर परीक्षा से पहले ही लीक कर दिया था.
सीबीआई ने प्रस्तुत किया था कि इस आरोपी को परीक्षा की निर्धारित तिथि से पहले 23 अप्रैल को NEET 2026 के रसायन विज्ञान के प्रश्न और उत्तर प्राप्त हुए थे।
आगे यह भी प्रस्तुत किया गया कि उक्त लीक प्रश्न पत्र आरोपी शिवराज मोटेगांवकर के मोबाइल फोन में पाया गया है, जिसने कई व्यक्तियों को लीक प्रश्न पत्र और उत्तर भी उपलब्ध कराए थे।
कोर्ट के सवाल पर जांच अधिकारी ने कहा था कि एक वीडियो है जिसमें वह कह रहे हैं कि जो सवाल उन्होंने छात्रों को दिया था, वही प्रश्नपत्र में है.