Faridabad: साइबर ठगी में मदद करने वाला आरोपी झांसी से पकड़ा गया

पुलिस टीम पूछताछ कर रही है

Update: 2025-05-13 11:00 GMT

फरीदाबाद: साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने यूपी झांसी निवासी इमरान खान (32) को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि इसने तौफिक का खाता लेकर साइबर ठगों को दिया था। तौफिक को इस मामले में पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब पकड़ा गया आरोपी इमरान खान बीएससी पास है और झांसी के एक मॉल में काम करता था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।

ठगी को लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-80 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। जिसमें कहा गया कि फेसबुक पर उनसे संपर्क किया गया था। जिसमें आॅनलाइन ट्रेडिंग का झांसा दिया गया। आरोपियों ने कहा कि वे रुपयों को यूएसडीटी में बदलकर निवेश करते हैं। उस पर काफी मुनाफा होता है। आरोपियों ने लिंक भेजकर लॉगिन कराया और शिकायतकर्ता ने शुरू में 2 लाख रुपये निवेश कर दिए। आरोपियों ने इस पर मुनाफे के 4950 रुपये शिकायतकर्ता के खाते में भेज दिए। इस तरह भरोसा जीतकर आरोपियों ने और रुपये निवेश करने को कहा। शिकायतकर्ता ने 20 लाख रुपये और निवेश कर दिए। लेकिन फिर उन्हें न तो मुनाफा मिला और न ही निवेश किए गए रुपये ही वापस मिले। आरोपियों ने उनके 2195050 रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर अब आरोपी को गिरफ्तार किया है।

Tags:    

Similar News