नई दिल्ली: दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक जाम कम करने और यातायात व्यवस्था को ज्यादा स्मार्ट बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स ने दिल्ली पुलिस के इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹1,789.52 करोड़ है।
इस सिस्टम के तहत दिल्ली के 42 प्रमुख ट्रैफिक कॉरिडोर को तीन चरणों में कवर किया जाएगा। परियोजना को 24 महीने में लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद पांच साल तक इसके संचालन और रखरखाव की व्यवस्था भी शामिल होगी।
ITMS में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित एडाप्टिव ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। ये सिग्नल सड़कों पर वाहनों के दबाव के हिसाब से अपने टाइमिंग में बदलाव कर सकेंगे, जिससे ट्रैफिक फ्लो बेहतर करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही तकनीक आधारित ट्रैफिक नियम प्रवर्तन और रियल टाइम ट्रैफिक सूचना की सुविधा भी विकसित की जाएगी।
नई व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता देना भी होगा। सिस्टम ट्रैफिक जाम, दुर्घटना या सड़क पर किसी अन्य बाधा की जानकारी तेजी से उपलब्ध कराने में मदद करेगा, जिससे प्रतिक्रिया समय कम किया जा सकेगा।
दिल्ली में लगातार बढ़ते वाहनों और व्यस्त सड़कों के कारण कई इलाकों में रोजाना जाम की समस्या सामने आती है। स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल और रियल टाइम निगरानी व्यवस्था लागू होने से यातायात को ज्यादा व्यवस्थित करने और यात्रियों का समय बचाने का लक्ष्य रखा गया है।
Tags: