Jammu जम्मू,  गैर-किराया राजस्व बढ़ाने की भारतीय रेलवे की नीति के अनुसरण में, जम्मू रेल मंडल की सभी वंदे भारत ट्रेनों के प्रत्येक कोच में एलईडी टीवी स्क्रीन के माध्यम से वाणिज्यिक विज्ञापन दिखाए जाएंगे। इन विज्ञापनों के माध्यम से मंडल में 6.5 करोड़ रुपये का राजस्व उत्पन्न होगा और इस गैर-किराया राजस्व का उपयोग रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए किया जाएगा। इस नीति को आगे बढ़ाते हुए, वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक (डीसीएम) उचित सिंघल के नेतृत्व में उत्तर रेलवे के नवगठित जम्मू मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में विज्ञापनों के लिए आकर्षक अवसर प्रदान करके रेलवे की आय बढ़ाने के लिए गैर-किराया राजस्व रणनीति को सफलतापूर्वक लागू करने का प्रयास किया है। सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने बताया कि भारतीय रेलवे का देशभर में बहुत बड़ा नेटवर्क है, जो इसे विज्ञापनदाताओं के लिए आकर्षक प्लेटफॉर्म बनाता है। इससे रेलवे के राजस्व में वृद्धि का पता चलता है।
इस नीति के तहत उत्तर रेलवे के नवगठित जम्मू डिवीजन में डिवीजन की सभी वंदे भारत ट्रेनों जैसे 22478, 22477, 26401, 26402, 26403, 26404 में एलईडी टीवी स्क्रीन के माध्यम से ट्रेन के हर कोच में वाणिज्यिक विज्ञापन दिखाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस रणनीति से विज्ञापन कंपनी अपने किसी भी सामान या पॉलिसी का प्रचार कर सकेगी और इसके साथ ही रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी। इसी क्रम में आगे बढ़ते हुए, कंपनी को ट्रेन संख्या 22478/22477 में 40 एलईडी स्क्रीन 5 वर्षों के लिए 39.3 लाख रुपये प्रति वर्ष की दर से विज्ञापन के लिए आवंटित की गई हैं और ट्रेन संख्या 26401 और 26402 में 16 एलईडी स्क्रीन 5 वर्षों के लिए 33 लाख रुपये प्रति वर्ष की दर से विज्ञापन के लिए कंपनी को आवंटित की गई हैं। इसी तरह, ट्रेन संख्या 26403 और 26404 में 160 एलईडी स्क्रीन 5 वर्षों के लिए 39 लाख रुपये प्रति वर्ष की दर से विज्ञापन के लिए कंपनी को आवंटित की गई हैं। इन विज्ञापनों के माध्यम से, मंडल में 6.5 करोड़ रुपये का राजस्व उत्पन्न होगा और इस राजस्व का उपयोग रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए किया जाएगा। रेलवे का उद्देश्य गैर-किराया राजस्व में वृद्धि करना है ताकि यह रेलवे में बुनियादी ढांचे और सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद कर सके।
Tags: