विश्व

मेलोनी ने PM मोदी का अनोखे अंदाज में किया स्वागत, रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त

Nilmani Pal
20 May 2026 6:52 AM IST
मेलोनी ने PM मोदी का अनोखे अंदाज में किया स्वागत, रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त
x

दिल्ली/ईटली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के व्यापक यूरोपीय दौरे के आखिरी और सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर मंगलवार शाम इटली पहुंच गए हैं. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के विशेष निमंत्रण पर हो रहा यह दौरा पीएम मोदी का इटली का पहला आधिकारिक द्विपक्षीय दौरा है.

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर उनके साथ एक नई और बेहद खूबसूरत सेल्फी पोस्ट की है. मेलोनी ने इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा, 'रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!' , यह फोटो बाद में इंटरनेट पर वायरल हो गई. यह पहला मौका नहीं है जब पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की किसी तस्वीर या सेल्फी ने इंटरनेट पर वायरल हुई हो इससे पहले साल 2023 में दुबई में हुए COP28 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी की 'Good friends at COP28' वाली सेल्फी और फिर 2024 में इटली के अपुलिया में हुए G7 शिखर सम्मेलन के दौरान "मेलोडी टीम की तरफ से हैलो" वाले वीडियो ने वैश्विक स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं.

इटली में होटल पहुंचने पर पीएम मोदी का प्रवासी भारतीय समुदाय के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. इससे पहले प्रधानमंत्रीको वाराणसी के घाटों को दर्शाती एक पेंटिंग भेंट की गई. रणनीतिक और कूटनीतिक रूप से बेहद खास माने जा रहे इस दौरे के दौरान पीएम मोदी इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला से मुलाकात करेंगे, प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और दोनों देशों के दिग्गज उद्योगपतियों (CEOs) से संवाद करेंगे. इसके अलावा वे वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय का भी दौरा करेंगे.

विदेश मंत्रालय (MEA) के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, साल 2023 के बाद से दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच यह 8वीं मुलाकात होगी, जो भारत और इटली के बीच मजबूत होते रिश्तों की गवाही देती है. मार्च 2023 में मेलोनी की भारत यात्रा और फिर जी-20 शिखर सम्मेलन में उनकी भागीदारी ने इस दोस्ती की मजबूत नींव रखी थी. अब इस दौरे के जरिए दोनों नेता 'संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29' के तहत हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और रक्षा, आतंकवाद के खिलाफ फंडिंग रोकने तथा नए क्षेत्रों में सहयोग के रोडमैप को अंतिम रूप देंगे.

Next Story