विश्व

महिला डॉक्टर के 9 संतानों की मौत, मातम और तबाही का मंजर

Nil dhankar
26 May 2025 6:17 AM IST
महिला डॉक्टर के 9 संतानों की मौत, मातम और तबाही का मंजर
x
पढ़े पूरी खबर

गाजा। गाजा एक बार फिर आग में जल रहा है. मिसाइलें आसमान चीरती हैं और जमीन पर मातम बिछा देती हैं. इस बार मौत आई तंबुओं में छुपे मासूमों के सिर पर. इजराइली हमलों ने फिर से साबित कर दिया कि इस जंग में सबसे बड़ा नुकसान उन लोगों का हो रहा है, जिनका हथियार सिर्फ दुआएं हैं. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की ‘आतंक के खिलाफ मुहिम’ अब बेगुनाहों की कब्रगाह बनती जा रही है. हालात ये हैं कि अस्पतालों तक पहुंच नहीं, और लाशों को एक ही बैग में समेटा जा रहा है.

गाजा के बीच शहर दीर अल-बलाह में शनिवार देर रात इजराइल ने मिसाइल हमला किया. इसमें एक मां और उसके दो छोटे बच्चे मारे गए. ये तीनों एक अस्थायी तंबू में शरण लिए हुए थे. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कुल 38 लोगों की जान चली गई. वहीं उत्तरी गाजा के जबालिया क्षेत्र में हुए एक अन्य हमले में कम से कम पांच लोग मारे गए, जिनमें दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है.

सबसे दर्दनाक घटना दक्षिणी शहर खान यूनिस में सामने आई, जहां एक बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अलाअ अल-नज्जार ने अपने 10 में से 9 बच्चों को खो दिया. उनका घर शुक्रवार को इजराइली मिसाइल का निशाना बना. उनके 11 साल का बेटा और पति बुरी तरह घायल हैं. बच्चों के जले हुए शवों को एक ही बॉडी बैग में अस्पताल लाया गया. ये नजारा वहां मौजूद हर इंसान के दिल को चीर गया. गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मार्च में युद्धविराम टूटने के बाद से अब तक 3,785 लोग मारे जा चुके हैं. इजराइल का कहना है कि ये अभियान हमास को खत्म करने और अक्टूबर 2023 में अगवा किए गए बंधकों को छुड़ाने के लिए चलाया जा रहा है. हालांकि अब तक इसका सबसे बड़ा शिकार महिलाएं, बच्चे और आम नागरिक ही बने हैं.

Next Story
null