खेल

ICC Women's World Cup 2025:दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 3 विकेट से हराया

Sarita
10 Oct 2025 6:31 AM IST
ICC Womens World Cup 2025:दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 3 विकेट से हराया
x
ICC Women's World Cup 2025: महिला विश्व कप 2025 के एक अहम मुकाबले में भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के हाथों 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय टीम द्वारा रखे गए 252 रनों के लक्ष्य को 48.5 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
252 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट के 111 गेंदों पर 70 रन, नादिन डी क्लर्क के 54 गेंदों पर नाबाद 84 रन और क्लो ट्रायोन के 66 गेंदों पर 49 रनों की मदद से 48.5 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 252 रन बनाकर मैच जीत लिया।
दक्षिण अफ्रीका एक समय 142 रन पर 6 विकेट खोकर मुश्किल में था। इस समय मैच भारत के पक्ष में जाता दिख रहा था, लेकिन ट्रायोन और क्लर्क ने सातवें विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी कर भारत की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। क्लार्क ने 54 गेंदों पर नाबाद 84 रन की पारी में पाँच छक्के और आठ चौके लगाए।
इससे पहले, एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 251 रन बनाए। प्रतीका रावल और स्मृति मंधाना ने टीम को ठोस शुरुआत दी। उन्होंने पहले विकेट के लिए 10.2 ओवर में 55 रन जोड़े। मंधाना 23 रन बनाकर आउट हो गईं। प्रतीका भी 37 रन बनाकर आउट हो गईं। इन दोनों के अलावा, शीर्ष क्रम की सभी बल्लेबाज़ें नाकाम रहीं। हरलीन देओल 13, कप्तान हरमनप्रीत कौर 9 और जेमिमा रोड्रिग्स 0 रन बनाकर आउट हुईं। दीप्ति शर्मा 4 और अमनजोत कौर 13 रन बनाकर आउट हुईं। 40 ओवर में 153 रन पर सात विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम मुश्किल में थी।
आठवें नंबर पर उतरीं विकेटकीपर-बल्लेबाज रिशा घोष ने पारी को संभाला। घोष ने अपने वनडे करियर का सातवाँ अर्धशतक बनाया। घोष ने अंतिम ओवर में आउट होने से पहले 77 गेंदों पर 11 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 94 रन बनाए। वह नौवीं विकेट थीं। घोष ने आठवें विकेट के लिए स्नेहर राणा के साथ 88 रनों की तेज़ और महत्वपूर्ण साझेदारी की, जो 24 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 33 रन बनाकर आउट हो गईं। भारतीय टीम 49.5 ओवर में 251 रन पर आउट हो गई।
भारतीय टीम की यह तीसरे मैच में पहली हार है। इस हार के साथ भारतीय टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गई है। ऑस्ट्रेलिया पहले, इंग्लैंड दूसरे और दक्षिण अफ्रीका चौथे स्थान पर है।
Next Story