खेल

पैरा एशियन गेम्स का भव्य आगाज़, आइची नागोया में ओपनिंग सेरेमनी

Shantanu Roy
19 Oct 2026 7:42 PM IST
पैरा एशियन गेम्स का भव्य आगाज़, आइची नागोया में ओपनिंग सेरेमनी
x
Aichi Nagoya. आइची नागोया। जापान में रविवार को पांचवें पैरा एशियन गेम्स 2026 का आधिकारिक उद्घाटन किया। जापान के आइची-नागोया में इस महाद्वीपीय खेल आयोजन के साथ ही पदकों के लिए मुकाबलों का औपचारिक आगाज हो गया। प्रतियोगिता 18 से 24 अक्तूबर तक चलेगी। इस बार एशिया के सभी 45 देश इसमें हिस्सा ले रहे हैं, जो पैरा एशियन गेम्स के इतिहास में पहली बार हो रहा है। इस दौरान भारतीय दल ने भी शानदार अंदाज में प्रवेश किया। पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और
धाविका
सिमरन शर्मा भारतीय दल के ध्वजवाहक बने और तिरंगा लेकर टीम इंडिया की अगवाई की। उद्घाटन समारोह में भारतीय खिलाडिय़ों का प्रवेश खास आकर्षण रहा। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया ने सोशल मीडिया पर भारतीय दल के मार्च का वीडियो साझा किया। कमेटी ने प्रमोद भगत और सिमरन शर्मा को ध्वजवाहक बनाए जाने को देश के लिए गर्व का क्षण बताया। प्रमोद भगत भारत के प्रमुख पैरा बैडमिंटन खिलाडिय़ों में शामिल हैं, जबकि सिमरन शर्मा ने स्प्रिंट स्पर्धाओं में अपनी पहचान बनाई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पैरा एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय दल को शुभकामनाएं देते हुए खिलाडिय़ों के जज्बे, समर्पण और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने लिखा, पैरा एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत के साथ मैं भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारत को अपने शानदार पैरा-एथलीटों पर बेहद गर्व है।
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाडिय़ों और अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने खिलाडिय़ों के साहस, दृढ़ संकल्प और चुनौतियों का सामना करने की भावना की सराहना की। ताकाइची ने कहा कि खिलाडिय़ों का अपनी सीमाओं को चुनौती देना, एक-दूसरे का सम्मान करना और क्षमता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना समाज को पैरा खेलों की ताकत और संभावनाओं से परिचित करवाएगा। पैरा एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत ने कुल 281 सदस्यीय दल भेजा है। इसमें 168 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 112 पुरुष और 56 महिलाएं हैं। भारतीय खिलाड़ी 11 खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
भारतीय दल के ध्वजवाहकों के नाम में उद्घाटन समारोह से पहले बदलाव किया गया। शुरुआत में प्रमोद भगत के साथ पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, भाविना पटेल को 19 अक्तूबर को अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलना है। उद्घाटन समारोह स्थल तक आने-जाने में करीब छह घंटे लगने की संभावना थी। ऐसे में उनके आराम और अगले दिन के महत्त्वपूर्ण मुकाबले की तैयारी को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया।
उद्घाटन समारोह में भारतीय दल की पोशाक भी आकर्षण का केंद्र रही। खिलाडिय़ों ने गहरे नीले रंग के ब्लेजर पहने, जिन पर सुनहरे रंग के डिजाइन बनाए गए थे। इन डिजाइनों में सिंधु घाटी सभ्यता से प्रेरित आकृतियों को शामिल किया गया था। ब्लेजर पर प्रसिद्ध ‘प्रिस्ट-किंग’ मूर्ति, डांसिंग गर्ल की आकृति और प्राचीन मुहरों से प्रेरित प्रतीक नजर आए। ब्लेजर की जेब पर भारतीय तिरंगे को जगह दी गई, जबकि कॉलर पर सप्तसिंधु यानी सात नदियों की भूमि की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया।
Next Story