भारत
Train से दबोचे गए टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वाले शूटर्स, jantaserishta.com पर देखें पहला वीडियो
jantaserishta.com
19 Oct 2026 4:52 PM IST

x
देखें वीडियो.
कोटा: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार तीन आरोपियों का वीडियो सामने आया है. राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और कोटा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को कोटा जंक्शन रेलवे स्टेशन से पकड़ा था. तीनों पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे.
पुलिस के मुताबिक, मुंबई पुलिस से मिली सूचना के बाद महज 15 से 20 मिनट में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया. इस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन से तीनों संदिग्धों को अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं. उनके चेहरे ढके हुए हैं.
कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने सूचना दी थी कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में शामिल दो से तीन मुख्य संदिग्ध एक ट्रेन में सवार हो सकते हैं. ट्रेन का अगला प्रमुख पड़ाव कोटा जंक्शन था. सूचना मिलते ही कोटा पुलिस की अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया गया और रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की गई.
एसपी ने बताया कि पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में स्टेशन पर तैनात थे, ताकि संदिग्ध ट्रेन में मौजूद हों या उतरकर भागने की कोशिश करें, तो उन्हें पकड़ा जा सके. कोटा शहर पुलिस की डीएसटी, रेलवे कॉलोनी और भीमगंज मंडी थानों की टीमों, साइबर सेल, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने मिलकर कार्रवाई की.
एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीन लोगों में ऋतिक उर्फ रोशन, रेहान और एक नाबालिग शामिल हैं. ऋतिक उर्फ रोशन बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है और पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रहकर रैपिडो राइडर के तौर पर काम कर रहा था. दूसरा संदिग्ध रेहान हरियाणा के सोनीपत का निवासी है.
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि रेहान गैंगस्टर अनिल पंडित के संपर्क में था. हालांकि, इस संबंध में विस्तृत पूछताछ और जांच के बाद ही अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी. एसपी ने बताया कि तीनों में से दो के खिलाफ पहले बाइक चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है. उनके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है. शुरुआती पूछताछ के बाद आरोपियों को मुंबई पुलिस की टीम को सौंप दिया गया.
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर तीन राउंड फायरिंग की गई थी. इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर है. मामले की जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम टाइगर श्रॉफ के घर पहुंची और उस कार की जांच की गई, जिसमें घटना के समय अभिनेता सवार थे.
कोटा में हुई कार्रवाई के बाद अब मुंबई पुलिस की जांच का फोकस संदिग्धों से पूछताछ, फायरिंग में उनकी कथित भूमिका और इस वारदात के पीछे की साजिश का पता लगाने पर रहेगा. पुलिस जांच के निष्कर्षों से ही यह स्पष्ट होगा कि इस हमले में किसकी क्या भूमिका थी और इसके पीछे किस नेटवर्क का हाथ था.
Tagsटाइगर श्रॉफटाइगर श्रॉफ फायरिंग मामलाराजस्थान पुलिसTiger ShroffTiger Shroff firing incidentRajasthan Police
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





