भतीजे की बात चाचा को रास नहीं आई, लाठी से पीटकर उतारा मौत के घाट

यूपी। जौनपुर के चंदवक में रिश्ते शर्मसार करने वाली घटना हुई। एक चाचा ने अपने भतीजे की पीट-पीटकर हत्या कर दी क्योंकि उसके भतीजे को उसके बोलने का तरीका पसंद नहीं आया था। छोटी चिट्को राजभर बस्ती में शुक्रवार रात अजीबोगरीब वाकया पेश आया। चाचा ने मामूली बात पर लाठी से पीटकर 32 साल के भतीजे की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर भाग गया। उधर, युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार छोटी चिट्को राजभर बस्ती निवासी 32 वर्षीय राजकुमार शुक्रवार रात अपने घर के बाहर साथियों के साथ बैठे थे। उनके चाचा रामदयाल राजभर ने उन्हें खाने के लिए बुलाया। उन्हें उनके बुलाने का अंदाज नागवार गुजारा। इस बात पर दोनों में कहासुनी होने लगी। वे मारपीट करने लगे। आरोप है कि चाचा ने घर में रखी लाठी से भतीजे के सिर पर वार कर दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही केराकत सीओ अजित कुमार रजत और चंदवक थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। नाराज गांववालों ने पुलिस को युवक का शव लेने से रोक दिया। वे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। सीओ ने बताया कि मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





