भारत

ट्रायल सफल, कांगड़ा घाटी में जल्द दौड़ेगी खुशियों की ट्रेन

Shantanu Roy
17 Feb 2026 5:35 PM IST
ट्रायल सफल, कांगड़ा घाटी में जल्द दौड़ेगी खुशियों की ट्रेन
x
Nagarota Surian. नगरोटा सूरियां। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलमार्ग पर सोमवार को पठानकोट से लेकर गुलेर रेलवे स्टेशन तक ट्रायल हुआ, जिससे अब उम्मीद जगी है कि जल्द ही रेलगाडिय़ों की पठानकोट से जोगिंद्रनगर तक आवाजाही सुचारू हो सकती है। सोमवार को रेल इंजन पांच डिब्बों को खींचता हुआ छुक-छुक करते हुए गुजरा। काफी लोग उत्सुकता से रेलगाड़ी को गुजरते हुए देख रहे थे तथा बच्चों ने हाथ हिलाकर टाटा भी किया। जिला कांगड़ा के आधा दर्जन विधानसभा क्षेत्रों की जनता को यह रेलमार्ग जोड़ता है तथा तीन साल से रेलगाडिय़ां बंद पड़ी हैं तथा लोगों को आवागमन के लिए बसों के धक्के खाने पड़ रहे हैं। इस रेलमार्ग पर रेलगाडिय़ों को सुचारू करने के लिए आश्वासन ही मिलते रहे हैं तथा तारीख पर तारीख ही
मिलती रही है।
लोग आश्वासनों से तंग आ चुके हैं तथा अब रेलवे के खिलाफ प्रदर्शन करने को उतारू हो गए हैं। पिछले तीन सालों से पर्यटक व श्रद्धालु भी परेशानी का सामना कर रहे हैं। रेलगाडिय़ां बंद होने से पर्यटन राजस्व भी कम हुआ है। इस रेलमार्ग पर चक्की खड्ड पर निर्मित पुल के तीन पिल्लर वर्ष 2022 में बरसात के कारण धराशायी हो गए थे तथा तब से रेलगाडिय़ां बंद पड़ी हैं। हालांकि बीच भी में नूरपुर रोड से बैजनाथ-पपरोला तक रेलगाडिय़ां चलाई गई थीं, लेकिन कोपरलाहड़ के समीप रेलमार्ग पर ल्हासा गिरने के कारण रेलगाडिय़ां बंद कर दी गई थीं। हालांकि अभी कोपरलाहड़ से बैजनाथ तक दो रेलगाडिय़ां चल रही हैं, परंतु पठानकोट से कांगड़ा तक रेलगाडिय़ां बंद पड़ी हैं, जबकि चक्की पुल भी बनकर तैयार हो चुका है।
Next Story