भारत

अंब-अंदौरा पहुंचेगी गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन

Shantanu Roy
6 Jun 2026 5:54 PM IST
अंब-अंदौरा पहुंचेगी गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन
x
Una. ऊना। रेलवे यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात के तहत गाड़ी संख्या 12325/12326 गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार अंब-अन्दौरा रेलवे स्टेशन तक कर दिया गया है। इस रेल सेवा के विस्तार से जिला ऊना सहित हिमाचल प्रदेश के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस अवसर पर 6 जून 2026 को प्रात: 6.10 बजे अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पर एक विशेष समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में सांसद अनुराग ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह रेल सेवा कोलकला से गुरुवार को सुबह 7.40 बजे चलती है और शुक्रवार की की शाम 7.10 बजे अंब-अंदौरा
रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।


वहीं, अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से शनिवार सुबह 6.10 बजे चलेगी और कोलकाता रविवार की दोपहर 2.50 बजे पहुंचेगी। बता दें कि अब रेल यात्रियों को अंबाला, सहारनपुर, रुढक़ी, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, आसनसोल के साथ वाराणसी और पटना साहिब जैसे बडे धार्मिक स्थलों के लिए भी गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के माध्यम से सीधी रेल सेवा मिलेगी। ट्रेन के अंब-अंदौरा तक विस्तार होने से क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। खासकर पंजाब, दिल्ली तथा पूर्वी भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अब अधिक सुविधा प्राप्त होगी। इससे पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बता दें कि पहले यह सेवा कोलकाता से नंगल डैम तक आती थी, लेकिन अब यह अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन तक जाएगी। यह एक सप्ताहिक सेवा है, जो सप्ताह में एक दिन ही आती है।
Next Story