भारत

द्रोण महादेव मंदिर शिवबाड़ी अंबोटा का मेला अब जिला स्तरीय

Shantanu Roy
31 Jan 2026 5:28 PM IST
द्रोण महादेव मंदिर शिवबाड़ी अंबोटा का मेला अब जिला स्तरीय
x
गगरेट। सुप्रसिद्ध द्रोण महादेव मंदिर शिवबाड़ी अंबोटा में हर साल आयोजित होने वाला दो दिवसीय शिवबाड़ी मेला अब जिला स्तरीय मेला होगा। प्रदेश सरकार ने इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है। पिछले साल आयोजित शिवबाड़ी मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने पहुंची मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर के समक्ष विधायक राकेश कालिया ने शिवबाड़ी मेले को जिला स्तरीय मेला घोषित करने की जबरदस्त पैरवी की थी। विधायक राकेश कालिया के प्रयासों से ही यह मेला जिला स्तरीय मेला घोषित हो पाया है। शिवबाड़ी मेले के जिला स्तरीय मेला घोषित होने पर लोगों में जबरदस्त उत्साह पाया जा रहा है। सुप्रसिद्ध द्रोण महादेव मंदिर शिवबाड़ी में आयोजित होने वाला शिवबाड़ी मेला जिला ऊना के ही प्राचीन मेलों में
शुमार है।

पूर्व काल से ही यह मेला पूरे उत्साह के साथ आयोजित होता आ रहा है। दो दिवसीय शिवबाड़ी मेला हर साल बैसाखी के बाद आने वाले दूसरे शनिवार को आयोजित होता है। मेले के पहले दिन लोग यहां लगने वाले झूलों का आनंद उठाने के साथ यहां लगने वाली दुकानों पर खरीददारी करते हैं तो मेले का दूसरा दिन पारंपरिक मिट्टी के बर्तनों की खरीद को समर्पित होता है। मान्यता है कि शिवबाड़ी मेले के दौरान भगवान शिव किसी न किसी रूप में यहां उपस्थित रहते हैं। पहले इस मेले का आयोजन स्थानीय कमेटी द्वारा किया जाता था लेकिन शिवबाड़ी मंदिर के अधिग्रहण के बाद अब शिवबाड़ी मेले का संचालन मंदिर प्रशासन द्वारा किया जाता है। लंबे समय से लोग इस मेले को जिला स्तरीय मेला घोषित करने की मांग कर रहे थे लेकिन कभी बात सिरे नहीं चढ़ी। एसडीएम सौमिल गौतम के बतौर मंदिर उपायुक्त कार्यभार संभालने के बाद जहां शिवबाड़ी में कई कार्य सिरे चढ़े वहीं इस मेले का स्वरूप भी बदला। वहीं विधायक को सम्मानित किया जाएगा।
Next Story