भारत

कच्चे माल की जांच में जुटा राज्य दवा नियंत्रण प्राधिकरण

Shantanu Roy
20 May 2026 2:16 PM IST
कच्चे माल की जांच में जुटा राज्य दवा नियंत्रण प्राधिकरण
x
BBN. बीबीएन। बद्दी में भारी मात्रा में पकड़ी गई नशीली दवाओं के मामले में अब जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य दवा नियंत्रण प्राधिकरण ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह जांच शुरू कर दी है कि नशीली दवाओं के निर्माण के लिए इस्तेमाल किया गया कच्चा माल कहां से मंगवाया गया और तैयार खेप किन राज्यों व क्षेत्रों में सप्लाई की गई। मामले में गिरफ्तार कंपनी संचालक का पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद
अदालत
में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित कंपनी के पास केवल फूड प्रोडक्ट निर्माण का लाइसेंस था, लेकिन उसी परिसर में कथित तौर पर नशीली दवाओं समेत अन्य दवाओं का निर्माण किया जा रहा था। गौरतलब है कि गत आठ मई को पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बद्दी के सालासर कॉम्प्लेक्स में छापेमारी कर करीब दो लाख 23 हजार 84 नशीली गोलियां बरामद की थीं।

इस कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश निवासी शिव पूजन प्रजापति और कानपुर निवासी अनुराग शुक्ला को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को पहले ही अदालत 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से हुई पूछताछ में एक ऐसी कंपनी का खुलासा हुआ, जो फूड लाइसेंस की आड़ में संचालित हो रही थी। इसके आधार पर पुलिस ने कंपनी संचालक अंकित निवासी कानपुर को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसियां अब कंपनी के खरीद रिकॉर्ड, रॉ मटेरियल सप्लायर, मशीनरी, ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की भी विस्तृत जांच कर रही हैं। राज्य दवा नियंत्रण प्राधिकरण की टीमें लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों और उत्पादन गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं। राज्य दवा नियंत्रक मनीष कपूर ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नशीली दवाओं के निर्माण के लिए कच्चा माल कहां से लाया गया । एएसपी अशोक वर्मा ने कंपनी संचालक को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की पुष्टि की है।
Next Story