
भिलाई। आईआईटी ग्राउंड के पास एक युवक को पुलिस ने गांजा बेचते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक अपने पास रखे 11 किलो गांजा को बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। इस दौरान खुर्सीपार पुलिस को सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को 11 किलो से ज्यादा गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गांजा, नगदी रकम और बाइक जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 6 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था।
19 मई को पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक युवक सफेद रंग की बजाज पल्सर एनएस 200 बाइक में गांजा लेकर आईटीआई मैदान के पास खड़ा है और बिक्री करने की फिराक में है। पुलिस ने इसके बाद टीम बनाकर आईटीआई मैदान के पास घेराबंदी की गई। वहां पर युवक पुलिस को मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम सन्नी यादव उर्फ सन्नी देवार निवासी देवार मोहल्ला खुर्सीपार बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखे पीले-सफेद रंग के थैले की जांच की गई। थैले के अंदर छोटे-बड़े पैकेट में गांजा रखा मिला। जांच में कुल वजन 11 किलो 160 ग्राम गांजा निकला।
पुलिस ने गांजा के अलावा आरोपी के पास से 1480 रुपए नगद और एक सफेद रंग की बजाज पल्सर एनएस 200 बाइक भी जब्त की। बाइक के आगे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जब्त गांजा की कीमत करीब 5 लाख 39 हजार रुपए आंकी गई है, जबकि बाइक की कीमत 75 हजार रुपए बताई गई। कुल जब्ती 6 लाख 15 हजार 480 रुपए की हुई है। पूछताछ में आरोपी गांजा रखने और बेचने से जुड़े कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 27(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।





