भारत

शिवालिक सॉलिड वेस्ट प्लांट बंद, धरना जारी

Shantanu Roy
20 May 2026 5:31 PM IST
शिवालिक सॉलिड वेस्ट प्लांट बंद, धरना जारी
x
BBN. बीबीएन। दभोटा स्थित शिवालिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों का आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। बढ़ते विरोध के बीच प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्लांट प्रबंधन की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया कि सैंपल रिपोर्ट आने तक प्लांट को अनिश्चितकाल के लिए बंद रखा जाएगा। हालांकि प्लांट बंद रहने के बावजूद ग्रामीणों का धरना समाप्त नहीं हुआ। बड़ी संख्या में, विशेषकर महिलाएं, प्लांट के बाहर तंबू लगाकर प्रदर्शन पर डटी रहीं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से फैल रही दुर्गंध, गंदगी और मच्छरों के कारण आसपास के गांवों में जीवन
प्रभावित हो रहा है।


धरना स्थल पर विधायक हरदीप सिंह बावा, पूर्व विधायक लखविंदर राणा, एसडीएम नरेंद्र आहलूवालिया और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने निरीक्षण कर सैंपल एकत्र किए और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक हरदीप बावा ने अधिकारियों को जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए, जबकि पूर्व विधायक लखविंदर राणा ने स्थायी समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक ठोस समाधान नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्लांट प्रबंधन ने कहा कि लंबे समय तक प्लांट बंद रखना संभव नहीं है, क्योंकि इससे कचरा निस्तारण व्यवस्था प्रभावित होगी। इससे पहले सोमवार रात कर्मचारियों को कई घंटों बाद बाहर निकाला गया था। पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई। पूरे क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में रहा, पुलिस बल तैनात रहा।
Next Story