भारत

प्रचंड गर्मी बनी आफत, घरों में दुबके लोग, बाजारों में पसरा सन्नाटा

Shantanu Roy
21 May 2026 3:31 PM IST
प्रचंड गर्मी बनी आफत, घरों में दुबके लोग, बाजारों में पसरा सन्नाटा
x
हमीरपुर। जिला में गर्मी का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। सुबह आठ बजे से ही गर्मी अपना रूप दिखाना शुरू कर देती है तथा दोपहर होते होते गर्मी से हाल बेहाल हो रहा है। वर्तमान हालात ऐसे हैं कि जिला का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जाकर पहुंच रहा है। इस कारण लोगों का दिन के समय घरों से बाहर निकलना मुनासिब नहीं है। पिछले तीन से चार दिनों से गर्मी का प्रकोप काफी अधिक बढ़ा है। खासकर स्कूल जाने वाले छात्रों को गर्मी अधिक परेशान कर रही है। जब बच्चे सुबह के समय स्कूल जाने लगते हैं तो सूर्यदेव आग उगल रहे होते हैं और जब वापस आते हैं तब गर्मी अपने प्रचंड रूप में होती है। इस कारण छात्रों को काफी दिक्कत झेलनी
पड़ रही है।
छात्र कड़ी धूप में पैदल सफर तय कर स्कूल तथा घर पहुंच रहे हैं। इस प्रंचड गर्मी का असर प्राकृतिक जल स्रोतों पर भी पडऩा शुरू हो गया है। कई प्राकृतिक जल स्रोत समय से पहले ही सूखना शुरू हो गए हैं। इनसे हो रहा पानी का रिसाव भी लगभग बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। यदि आगामी कुछ दिनों तक तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो कई इलाकों में पानी का संकट भी पैदा हो सकता है। जाहिर है कि कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश के कई जिला में तापमान काफी बढ़ चुका है। दिन के समय चिलचिलाती गर्मी को सहन कर पाना संभव नहीं है। वहीं गर्मी की वजह से डीहाइड्रेशन का भी खतरा बना हुआ है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों को परिजन पानी की बोतल देकर भेज रहे हैं। यदि गर्मी की वजह से शरीर में पानी की कमी हो जाए तो डीहाइड्रेशन की वजह से बच्चे बीमार हो सकते हैं। ऐसे में परिजन बच्चों की सेहत को लेकर भी चिंतित हैं। गर्मी ने सब्जी व फल विक्रेताओं का कारोबार भी प्रभावित किया है। गर्मी के कारण ताजी सब्जियां भी दोपहर तक सूखने लग जाती हैं।
Next Story