भारत

हमीरपुर अस्पताल में दोबारा शुरू होगी रेडक्रॉस सोसायटी की लैब

Shantanu Roy
29 March 2025 5:45 PM IST
हमीरपुर अस्पताल में दोबारा शुरू होगी रेडक्रॉस सोसायटी की लैब
x
Hamirpur. हमीरपुर। जिला रेडक्रॉस सोसायटी की विभिन्न गतिविधियों के विस्तार तथा अन्य मुद्दों पर व्यापक चर्चा के लिए 2 अप्रैल को दोपहर बाद 3 बजे हमीरपुर के बचत भवन में सोसायटी के संरक्षकों और आजीवन सदस्यों तथा अन्य पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों के संबंध में शुक्रवार को जिला के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2 अप्रैल को होने वाली बैठक के दौरान संरक्षकों और आजीवन सदस्यों को सोसायटी की विभिन्न गतिविधियों और आगामी कार्य योजना से अवगत करवाया जाएगा तथा इस संबंध में उनके महत्वपूर्ण सुझाव लिए जाएंगे। उपायुक्त ने सोसायटी के सचिव और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला विकलांगता पुनर्वास केंद्र, महिला एवं बाल विकास और समग्र शिक्षा विभाग के अधिकारियों को 2 अप्रैल को प्रस्तावित बैठक में विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत करने के
निर्देश दिए।


अमरजीत सिंह ने बताया कि सोसाइटी शीघ्र ही जिले में विकलांगता पहचान शिविर आयोजित करेगी। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमीरपुर अस्पताल में रेडक्रॉस सोसायटी की लैब को दोबारा शुरू किया जाएगा। इस लैब में आधुनिक मशीन और उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए फंड जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। 25 हजार रुपए के शुल्क के साथ सोसायटी के संरक्षक बने लोगों की संख्या 16 हो चुकी है। इसी प्रकार एक हजार रुपए के शुल्क के साथ सोसायटी की आजीवन सदस्यता लेने वाले लोगों की संख्या करीब 700 हो चुकी है। बीते दिनों निर्वाचन विभाग के तहसीलदार गुरभज सिंह राणा भी सोसायटी के संरक्षक बने हैं। जिला सांख्यिकीय अधिकारी अशोक कुमार, जगरनाथ, कमलदीप, अशोक, उपायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों अवनीत, अभिमन्यु, विनोद, ज्योति प्रकाश, तहसीलदार शशि जसरोटिया, अंजुला और निक्का राम धीमान ने आजीवन सदस्यता ग्रहण की।
Next Story