भारत

SUV कार दुर्घटनाग्रस्त, पुलिसकर्मी और उनकी पत्नी की मौत

Nilmani Pal
14 March 2026 7:44 AM IST
SUV कार दुर्घटनाग्रस्त, पुलिसकर्मी और उनकी पत्नी की मौत
x
बड़ा हादसा

जम्मू। डोडा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल और उनकी पत्नी की जान चली गई, जबकि उनके दो बेटे घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ, जब उनकी एसयूवी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरते हुए एक नाले में जा गिरी.

एजेंसी के अनुसार, पुलिस का कहना है कि यह हादसा शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे हुआ. उस समय एक एसयूवी भद्रवाह से बानी की ओर जा रही थी।.भद्रवाह-बानी सड़क पर बस्ती पुल के पास कार बेकाबू हो गई और वह नीचे एक नाले में फिसल गई. अधिकारियों ने बताया कि कार में हेड कॉन्स्टेबल जुल्फिकार अली और उनकी पत्नी रेहाना बेगम सवार थीं, इन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. जुल्फिकार अली भद्रवाह में डिस्ट्रिक्ट स्पेशल ब्रांच (DSB) में तैनात थे. इस हादसे में उनके दो बेटे 20 वर्षीय अरशद अहमद और 24 वर्षीय कामरान अहमद घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए भद्रवाह के सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार हो रहा है. इस संबंध में डोडा के एसएसपी संदीप मेहता ने कहा कि जुल्फिकार अली एक समर्पित और मेहनती अधिकारी थे. उन्होंने अपने कार्यकाल में खासकर नशे के खिलाफ अभियान और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभाई.

इस हादसे पर दुख जताते हुए ऊधमपुर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि बस्ती गांव के पास हुए इस दुखद हादसे के बारे में पता चलने पर मैंने डोडा के डीसी कृष्ण लाल से बात की. इस हादसे में हेड कॉन्स्टेबल जुल्फिकार अली और उनकी पत्नी की जान चली गई. उन्होंने कहा कि उनके दो बच्चे भी उनके साथ यात्रा कर रहे थे, जो घायल हो गए हैं, लेकिन अब खतरे से बाहर हैं. उन्होंने आगे कहा कि परिवार को हर संभव मदद दी जा रही है. डोडा के एसएसपी संदीप मेहता ने अली को एक समर्पित और मेहनती अधिकारी बताया, जिन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ विभाग की सेवा की. एसएसपी ने कहा कि अपनी सेवा के दौरान, अली ने विशेष रूप से नशीले पदार्थों और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़ाई में योगदान दिया. उन्होंने हमेशा समाज की भलाई के लिए पूरी लगन से काम किया.

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी इस हादसे को लेकर दुख व्यक्त किया. उन्होंने ज़ुल्फ़िकार अली के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. वहीं घटना पर शोक जताते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.


Next Story
null