भारत

एचपीयू में योग से स्वास्थ्य, सुख और सामंजस्य पर राष्ट्रीय व्याख्यान

Shantanu Roy
1 Aug 2026 5:48 PM IST
एचपीयू में योग से स्वास्थ्य, सुख और सामंजस्य पर राष्ट्रीय व्याख्यान
x
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के योग अध्ययन विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को ‘योग के माध्यम से स्वास्थ्य, सुख एवं सामंजस्य’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग को आधुनिक विज्ञान, स्वास्थ्य और मानवीय चेतना से जोड़ते हुए उसके व्यापक आयामों से प्रतिभागियों को परिचित कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘आई बिलीव इन हैप्पीनेस एंड हार्मनी’ प्रेरणा गीत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह मुख्यातिथि रहे, जबकि अध्यक्षता योग अध्ययन विभाग की अध्यक्ष डॉ. शालिनी गुप्ता और सह-अध्यक्षता शिक्षा विभाग की अध्यक्ष डॉ. युद्धवीर ने की। अपने संबोधन में कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि चेतना के विस्तार का विज्ञान है। वर्तमान तनावपूर्ण जीवन में योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन
प्रदान करता है।


उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की मजबूत नींव आवश्यक है। साथ ही विद्यार्थियों से क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक क्षेत्रों को सीखने और सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। व्याख्यानमाला में देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने योग, आधुनिक विज्ञान और नवीनतम शोध के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए। वक्ताओं ने बताया कि भारतीय योग दर्शन में वर्णित पंचतत्व, शत्कर्म, मैग्नेटिज्म तथा 12 शक्तियों की अवधारणा आज भी वैज्ञानिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इनके संतुलन से व्यक्ति का समग्र विकास संभव है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डीन प्रो. डी.डी. शर्मा, आचार्य ज्योति प्रकाश, डॉ. चमन लाल बंगा, डॉ. अजय त्री, डॉ. निरंजन, विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Next Story