भारत

ऊना में पारा 44 डिग्री पार, गर्मी प्रचंड, लू लगने का बढ़ा खतरा

Shantanu Roy
21 May 2026 3:44 PM IST
ऊना में पारा 44 डिग्री पार, गर्मी प्रचंड, लू लगने का बढ़ा खतरा
x
Una. ऊना। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच बुधवार को अधिकतम पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। मंगलवार जिला का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था और 24 घंटे बाद अधिकतम पारे में 0.6 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया, जबकि दोपहर के समय लू के थपेड़ों ने स्थिति और गंभीर बना दी। तपती सडक़ों पर निकलते ही लोगों के चेहरे लाल पड़ते दिखाई दिए और हर कोई छांव तथा ठंडे पानी की तलाश करता
नजर आया।

भीषण गर्मी के कारण पंखे, वाटर कूलर और एसी भी लोगों को राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। बिजली की बढ़ती खपत के चलते कई क्षेत्रों में लो-वोल्टेज व बार-बार बिजली के कटों की समस्या भी सामने आ रही है, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। बाजारों, बस अड्डों और सार्वजनिक स्थानों पर दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी। विशेषकर राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्म हवाओं के थपेड़े सीधे शरीर पर पडऩे से लोग जल्दी थकान महसूस कर रहे हैं। गर्मी का सबसे अधिक असर विद्यार्थी, कर्मचारी और मजदूर वर्ग पर देखने को मिल रहा है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को तेज धूप में सफर करना पड़ रहा है, वहीं सरकारी और निजी कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी तपिश झेलनी पड़ रही है। निर्माण कार्यों और अन्य मजदूरी करने वाले श्रमिक परेशान हैं।
Next Story