भारत

बिलासपुर में पारा 40 के पार, बदन झुलसाने वाली गर्मी से लोग बेहाल

Shantanu Roy
21 May 2026 3:27 PM IST
बिलासपुर में पारा 40 के पार, बदन झुलसाने वाली गर्मी से लोग बेहाल
x
घुमारवीं। जिला बिलासपुर इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। सूर्यदेव की तेज तपिश के चलते अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सुबह 10 बजे से ही दोपहर जैसी गर्मी महसूस होने लगी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तपती दुपहरी में लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, वहीं बाजारों और सडक़ों पर भी सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है। पिछले चार-पांच दिनों से जिले में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की
परेशानी बढ़ा दी
है। आसमान से बरस रही आग के बीच बदन झुलसा देने वाली गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि कूलर और पंखे भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं और गर्म हवा छोड़ रहे हैं। दिन ही नहीं, रात के समय भी गर्म हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। प्रचंड गर्मी का असर बाजारों की रौनक पर भी देखने को मिल रहा है। दोपहर के समय बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो गई है। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। लगातार बढ़ते तापमान से लोगों का पसीना थमने का नाम नहीं ले रहा।
Next Story